राजकोट में भारत अंडर-19 ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे यूथ वनडे में दमदार जीत दर्ज की. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 341 रन बनाए. वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम 41.1 ओवर में 238 रन पर सिमट गई। यशबर्धन चौहान शतक और दो विकेट लेकर मैच के स्टार रहे.
भारत की पारी की शुरुआत आर्यवीर सहवाग ने तेज अंदाज में की. उन्होंने 48 गेंदों पर 47 रन बनाए लेकिन अर्धशतक से पहले रन आउट हो गए. इसके बाद यशबर्धन चौहान और वीके विनीत ने पारी को संभाला. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 132 रन की साझेदारी की. चौहान ने 100 गेंदों में 122 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और दो छक्के शामिल रहे. विनीत ने 92 गेंदों पर 87 रन की पारी खेली. कुशाग्र ओझा ने भी 20 गेंदों में 34 रन बनाकर आखिरी ओवरों में तेजी दिखाई.
पहले यूथ वनडे में 18 गेंदों पर 38 रन की तेज पारी खेलने वाले अन्वय द्रविड़ इस मुकाबले में ज्यादा देर नहीं टिक सके. वह केवल 9 रन बनाकर आउट हुए. हालांकि, दूसरे छोर पर भारत के बाकी बल्लेबाजों ने स्कोर को लगातार आगे बढ़ाया. यशबर्धन और विनीत की साझेदारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, जबकि कुशाग्र की तेज पारी से भारत ने अंतिम 10 ओवरों में भी तेजी से रन बनाए. भारत ने 50 ओवर में सात विकेट पर 341 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया.
342 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत दबाव में हुई. कप्तान जैक चोस्नेक ने 63 गेंदों पर 81 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की. वहीं मैथ्यू लॉघ ने 42 रन बनाए. दोनों के प्रयास के बावजूद ऑस्ट्रेलिया लगातार विकेट खोता रहा. भारत की ओर से चिगुरुपति वेंकट ने तीन विकेट लिए. वहीं काव्या पटेल और यशबर्धन चौहान को दो-दो सफलता मिली. ऑस्ट्रेलिया 41.1 ओवर में 238 रन पर ऑलआउट हो गया. भारत ने 103 रन से जीत दर्ज कर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली.