menu-icon
India Daily

T20 World Cup 2026: ICC ने टीम ऑफ द टूर्नामेंट का किया ऐलान, 4 भारतीय खिलाड़ियों को मिली जगह

आईसीसी की घोषित टीम में पाकिस्तान के बल्लेबाज साहिबजादा फरहान और भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को ओपनिंग की जिम्मेदारी दी गई है. साहिबजादा फरहान इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे.

Anuj
Edited By: Anuj
T20 World Cup 2026: ICC ने टीम ऑफ द टूर्नामेंट का किया ऐलान, 4 भारतीय खिलाड़ियों को मिली जगह
Courtesy: @BCCI

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया. टूर्नामेंट का भव्य समापन हुआ. टूर्नामेंट के भव्य समापन के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ टीम यानी 'टीम ऑफ द टूर्नामेंट' का ऐलान भी कर दिया है.

इस टीम में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जगह दी गई है. दिलचस्प बात यह है कि इसमें भारत के चार खिलाड़ियों को चुना गया है, जबकि कुछ चर्चित नामों को शामिल नहीं किया गया.

संजू सैमसन को मिली जगह

आईसीसी की घोषित टीम में पाकिस्तान के बल्लेबाज साहिबजादा फरहान और भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को ओपनिंग की जिम्मेदारी दी गई है. साहिबजादा फरहान इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे, इसलिए उन्हें टीम में शामिल करना लगभग तय माना जा रहा था. वहीं, संजू सैमसन ने भी टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया. 

भारत के चार खिलाड़ियों को मिला मौका

आईसीसी की टीम ऑफ द टूर्नामेंट में भारत के चार खिलाड़ियों को शामिल किया गया है. इनमें संजू सैमसन, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह के नाम शामिल है. ईशान किशन को टीम में नंबर तीन पर जगह दी गई है. टी20 विश्व कप 2026 में ईशान किशन चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज है. वहीं, हार्दिक पांड्या ने बल्ले और गेंद दोनों से टीम के लिए अहम भूमिका निभाई. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने भी कई मैचों में शानदार गेंदबाजी कर भारत की जीत में बड़ा योगदान दिया.

अन्य देशों के खिलाड़ियों को भी मिली जगह

इस टीम में सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि कई अन्य देशों के खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है. इंग्लैंड के विल जैक्स और आदिल रशीद को भी टीम में जगह मिली है. विल जैक्स ने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से इंग्लैंड को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी. वहीं, स्पिनर आदिल रशीद ने भी पूरे टूर्नामेंट में प्रभावी गेंदबाजी की. इसके अलावा जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को भी इस टीम में जगह मिली है.

एडेन मार्करम को बनाया गया कप्तान

वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जेसन होल्डर को भी टीम में जगह मिली है, जिन्होंने सात मैचों में दस विकेट लेकर टीम के लिए अहम योगदान दिया. आईसीसी की टीम ऑफ द टूर्नामेंट का कप्तान दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी एडेन मार्करम को बनाया गया है. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में अपनी टीम की शानदार कप्तानी की और खुद भी बेहतरीन प्रदर्शन किया. उनके साथ दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी को टीम में शामिल किया गया है. इसके अलावा ग्रुप स्टेज में प्रभावशाली गेंदबाजी करने वाले अमेरिका के खिलाड़ी शैडली शान शाल्कविक को 12वें खिलाड़ी के रूप में चुना गया है.

ICC की टीम ऑफ द टूर्नामेंट

साहिबजादा फरहान, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, एडेन मार्करम (कप्तान), हार्दिक पांड्या, विल जैक्स, जेसन होल्डर, जसप्रीत बुमराह, लुंगी एनगिडी, आदिल रशीद, ब्लेसिंग मुजरबानी, शैडली शान शाल्कविक (12वें खिलाड़ी)