menu-icon
India Daily

Asia Cup 2025: एशिया कप का हिस्सा नहीं होगा पाकिस्तान! पहलगाम आतंकी हमले के बाद ACC लेगा बड़ा फैसला

Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 के कैंसिल होने की संभावनाएं समाप्त होती दिख रही हैं. इसी कड़ी में सुनील गावस्कर का कहना है कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत को इसमें नहीं खेलना चाहिए. तो वहीं पाकिस्तान को इस टूर्नामेंट से बाहर कर देना चाहिए.

mishra
Asia Cup 2025: एशिया कप का हिस्सा नहीं होगा पाकिस्तान! पहलगाम आतंकी हमले के बाद ACC लेगा बड़ा फैसला
Courtesy: Social Media

Asia Cup 2025: पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है. इस हमले के बाद एशिया कप 2025 को लेकर बड़े सवाल उठ रहे हैं. भारत और श्रीलंका को इस साल टूर्नामेंट की मेजबानी करनी थी लेकिन अब पाकिस्तान की भागीदारी पर संदेह है. क्रिकेट दिग्गज सुनील गावस्कर ने दावा किया है कि भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के कारण पाकिस्तान को एशिया कप से बाहर किया जा सकता है. 

अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने भारत-पाकिस्तान के रिश्तों को और तनावपूर्ण बना दिया है. इस हमले ने एशिया कप की तैयारियों पर असर डाला है. भारत और श्रीलंका के संयुक्त मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट पर अब अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं. 

सुनील गावस्कर ने एशिया कप को लेकर दिया बड़ा बयान

सुनील गावस्कर ने स्पष्ट किया कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) हमेशा भारत सरकार के निर्देशों का पालन करता है. अगर सरकार पाकिस्तान के साथ खेल आयोजनों में भागीदारी के खिलाफ है, तो बीसीसीआई भी उसी रास्ते पर चलेगा. गावस्कर ने कहा, “भारत और श्रीलंका इस बार एशिया कप की मेजबानी कर रहे हैं. अगर दोनों देशों के बीच तनाव कम नहीं हुआ, तो पाकिस्तान का टूर्नामेंट में खेलना मुश्किल है.”

क्या खत्म हो जाएगा एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC)?

गावस्कर ने एक चौंकाने वाला दावा भी किया. उन्होंने कहा कि अगर भारत एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) से हटने का फैसला करता है, तो यह संगठन ही खत्म हो सकता है. वर्तमान में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ACC के प्रमुख हैं लेकिन भारत के बाहर निकलने से परिषद की स्थिति कमजोर हो सकती है. गावस्कर ने कहा, “ACC का भविष्य अनिश्चित है. अगर भारत बाहर निकलता है, तो संगठन भंग हो सकता है.”

तीन या चार देशों का टूर्नामेंट

पाकिस्तान के बिना एशिया कप की संभावना पर गावस्कर ने नया सुझाव दिया. उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट को तीन या चार देशों का छोटा आयोजन बनाया जा सकता है. इसमें बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान के साथ-साथ हॉन्गकॉन्ग या यूएई जैसी टीमें शामिल हो सकती हैं. अगर भारत मेजबानी करता है, तो टूर्नामेंट भारत में ही होगा. गावस्कर ने कहा, “अगले कुछ महीनों में हालात साफ होंगे.”