नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2026 शुरू होने में कुछ ही दिन का समय बचा है. 7 फरवरी से टूर्नामेंट का आगाज हो जाएगा. लेकिन भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. अब इस मामले में सह मेजबान श्रीलंका की एंट्री हुई है. श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच के बहिष्कार के अपने फैसले पर दोबारा सोचने की अपील की है.
आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप के सह-मेजबान के रूप में श्रीलंका इस फैसले से काफी चिंतित है. श्रीलंका क्रिकेट ने पीसीबी को भेजे गए एक आधिकारिक पत्र में कहा कि कोलंबो में होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पाकिस्तान के हटने के फैसले के कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.
श्रीलंका क्रिकेट के अनुसार, भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर पहले से ही बड़े पैमाने पर तैयारियां पूरी कर ली गई थी. यह मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे बड़ा और सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला मैच माना जा रहा था. लेकिन पाकिस्तान के इस फैसले के बाद कोलंबो में होटल बुकिंग बड़े स्तर पर रद्द हो गई हैं, जिससे सीधे तौर पर पर्यटन उद्योग को नुकसान पहुंचा है.
रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीलंका क्रिकेट के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने कहा कि इस हाई-वोल्टेज मुकाबले के न होने से न केवल आर्थिक बल्कि खेल से जुड़े समीकरण भी प्रभावित हो सकते हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि इसका असर पूरे टूर्नामेंट की लोकप्रियता और व्यावसायिक सफलता पर पड़ सकता है.
श्रीलंका क्रिकेट ने यह भी याद दिलाया कि उसने हमेशा मुश्किल समय में पाकिस्तान क्रिकेट का साथ दिया है. चाहे सुरक्षा से जुड़े मुद्दे हो या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पाकिस्तान की वापसी का सवाल, श्रीलंका ने हर मौके पर सहयोग किया है. इसी भावना के तहत अब श्रीलंका क्रिकेट ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से अनुरोध किया कि वह अपने फैसले पर दोबारा विचार करे और भारत के खिलाफ मैच खेलने की अनुमति दे.
दरअसल, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बांग्लादेश को आखिरी समय में टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के फैसले का विरोध किया था. इसी के चलते पीसीबी ने पहले पूरे टूर्नामेंट के बहिष्कार की धमकी भी दी थी. बाद में यह फैसला पाकिस्तान सरकार पर छोड़ दिया गया. शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली पाकिस्तान सरकार ने सलमान अली आगा की कप्तानी में टीम को वर्ल्ड कप खेलने के लिए श्रीलंका जाने की इजाजत तो दे दी, लेकिन 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले में खेलने से रोक दिया.
श्रीलंका क्रिकेट ने अपने पत्र में यह भी बताया कि मेजबान देश के तौर पर उसने टूर्नामेंट के लिए सभी जरूरी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली हैं. इसमें कमर्शियल प्लानिंग, संचालन, लॉजिस्टिक व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, हॉस्पिटैलिटी और टिकटों की बिक्री शामिल है. खास बात यह है कि भारत-पाकिस्तान मैच के टिकट पहले ही बिक चुके थे और इस मुकाबले को लेकर जबरदस्त मांग देखी गई थी.
श्रीलंका क्रिकेट ने साफ तौर पर कहा है कि इस बड़े मैच में किसी एक टीम की गैर-मौजूदगी से भारी आर्थिक नुकसान हो सकता है. इसका असर सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पर्यटन, स्थानीय कारोबार और पूरी अर्थव्यवस्था पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा. इसी वजह से श्रीलंका क्रिकेट ने पाकिस्तान से अपील की है कि वह इस फैसले पर दोबारा विचार करे, ताकि टूर्नामेंट और मेजबान देश को बड़े नुकसान से बचाया जा सके.