menu-icon
India Daily

T20 World Cup 2026: नॉकआउट राउंड में भारत से टक्कर होने पर क्या करेगा पाकिस्तान? कप्तान आगा ने रणनीति का किया खुलासा

कप्तानों की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान अली आगा ने कहा कि भारत के खिलाफ खेलना खिलाड़ियों या टीम मैनेजमेंट के हाथ में नहीं है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह फैसला पूरी तरह सरकार का है.

Anuj
Edited By: Anuj
T20 World Cup 2026: नॉकआउट राउंड में भारत से टक्कर होने पर क्या करेगा पाकिस्तान? कप्तान आगा ने रणनीति का किया खुलासा
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान सलमान अली आगा ने टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ संभावित मुकाबले को लेकर अपनी स्थिति साफ कर दी है. उन्होंने कहा कि अगर टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण यानी सेमीफाइनल या फाइनल में भारत से मैच होता है, तो पाकिस्तान टीम सरकार की सलाह के अनुसार ही कोई फैसला लेगी.

भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबलों को लेकर पहले से ही राजनीतिक तनाव बना रहता है और हाल की घटनाओं के बाद यह मामला और ज्यादा संवेदनशील हो गया है. दरअसल, बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने और पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ ग्रुप मैच के बहिष्कार के बाद यह विवाद और गहरा गया है.

पाकिस्तानी कप्तान ने क्या कहा?

गुरुवार को कप्तानों की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान अली आगा ने कहा कि भारत के खिलाफ खेलना खिलाड़ियों या टीम मैनेजमेंट के हाथ में नहीं है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह फैसला पूरी तरह सरकार का है. अगर आगे चलकर भारत से दोबारा मुकाबला तय होता है, तो उस समय भी सरकार से सलाह लेकर ही आगे की रणनीति बनाई जाएगी.

'बांग्लादेश के समर्थन में बॉयकॉट'

आगा ने यह भी कहा कि फिलहाल टीम का पूरा ध्यान क्रिकेट पर है और खिलाड़ी बाहरी या राजनीतिक बातों में उलझना नहीं चाहते. उन्होंने बताया कि 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले ग्रुप मैच का बहिष्कार पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में किया था. गौरतलब है कि आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की उस मांग को खारिज कर दिया था, जिसमें भारत के बाहर मैच कराने की बात कही गई थी. इसके बाद बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया, जिससे पूरे मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया.

बांग्लादेश से मांगा सपोर्ट

बांग्लादेश के वर्ल्ड कप से बाहर होने पर सलमान अली आगा ने दुख भी जताया. उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि बांग्लादेश इस टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं है. उनके अनुसार, बांग्लादेश की टीम काफी मजबूत है और उसकी मौजूदगी से टूर्नामेंट और भी रोमांचक होता. आगा ने उम्मीद जताई कि बांग्लादेश के खिलाड़ी और फैंस पाकिस्तान टीम को समर्थन देंगे.

'6 महीनों में हमारा प्रदर्शन बेहतर हुआ'

अपने पहले टी20 वर्ल्ड कप में कप्तानी को लेकर सलमान अली आगा काफी उत्साहित नजर आए. उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों में पाकिस्तान टीम का प्रदर्शन लगातार बेहतर हुआ है. आगा के मुताबिक, एशिया कप के बाद से टीम ने कोई भी सीरीज नहीं गंवाई है, जिससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में किसी भी टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता.

7 फरवरी से अभियान की शुरूआत

पाकिस्तान टीम अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ करेगी. इसके बाद 10 फरवरी को उसका मुकाबला अमेरिका से और 18 फरवरी को नामीबिया से होगा. पाकिस्तान के सभी ग्रुप मैच कोलंबो में खेले जाएंगे. वही, 15 फरवरी को भारत के खिलाफ लीग मैच तय है, लेकिन पाकिस्तानी सरकार के हस्तक्षेप के बाद टीम ने इस मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया है. ऐसे में आगे क्या होगा, यह पूरी तरह हालात और सरकारी निर्णयों पर निर्भर करेगा.