Commonwealth games 2026 के 10वें दिन भारतीय पैरा एथलेटिक्स खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. पुरुष शॉट पुट F57 स्पर्धा में सोमन राणा ने गोल्ड और शुभम जुयाल ने सिल्वर मेडल जीतकर भारत को बड़ी सफलता दिलाई. इस डबल पोडियम ने भारत की मेडल संख्या और रैंकिंग दोनों को मजबूत किया.
Commonwealth games 2026 में भारतीय पैरा एथलीट सोमन राणा ने पुरुष शॉट पुट F57 स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया. भारतीय सेना के सूबेदार और विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता सोमन ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी. उन्होंने पहले प्रयास में 13.38 मीटर का थ्रो किया और दूसरे प्रयास में इसे 13.40 मीटर तक पहुंचाकर अपनी बढ़त और मजबूत कर ली. इसके बाद बाकी प्रयासों में वह इससे आगे नहीं जा सके लेकिन उनका दूसरा थ्रो ही गोल्ड जीतने के लिए काफी रहा. यह ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में पैरा एथलेटिक्स का भारत का तीसरा गोल्ड मेडल भी बना.
भारत के शुभम जुयाल ने भी पूरे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया और सिल्वर मेडल जीतकर भारत को डबल पोडियम दिलाया. उन्होंने पहले प्रयास में 13.08 मीटर का थ्रो किया और तीसरे प्रयास में 13.27 मीटर तक पहुंचे. चौथे और पांचवें प्रयास में उन्होंने 13.16 मीटर और 12.88 मीटर का प्रदर्शन किया. सबसे अहम समय पर शुभम ने अपने आखिरी प्रयास में 13.28 मीटर का बेहतरीन थ्रो किया, जिससे उनका सिल्वर मेडल पक्का हो गया. दोनों भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में बेहतरीन तकनीक और आत्मविश्वास दिखाया, जिसकी बदौलत भारत को एक साथ दो मेडल मिले.
सोमन राणा और शुभम जुयाल की इस शानदार सफलता का असर भारत की मेडल टैली पर भी साफ दिखाई दिया. इन दोनों पदकों के बाद भारत के कुल मेडल 30 हो गए. इनमें 8 गोल्ड, 15 सिल्वर और 7 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं. सोमन के गोल्ड मेडल ने भारत को मेडल तालिका में बड़ी बढ़त दिलाई. भारत ने न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, जमैका और मलेशिया जैसी टीमों को पीछे छोड़ते हुए छठा स्थान हासिल कर लिया. पैरा एथलेटिक्स में लगातार अच्छे प्रदर्शन से भारतीय दल का आत्मविश्वास भी बढ़ा है और आगे होने वाले मुकाबलों में भी देश को खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी.