टीम इंडिया को एक के बाद एक बड़े झटके लग रहे हैं. भारत फिलहाल श्रीलंका के दौरे पर है जहां पर टीम को इंजरी का सामना करना पड़ा रहा है. इसी कड़ी में एक नाम साई सुदर्शन का भी हो गया है. वह भी इंजरी के कारण इस पूरी सीरीज से बाहर हो गये हैं. अब उनकी जगह बोर्ड ने सरफराज खान का नाम स्क्वा़ड में शामिल किया है.
सरफराज खान के लिए लंबे इंतजार के बाद टीम इंडिया में वापसी का रास्ता खुल गया है. घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले बल्लेबाज की सीरीज में एंट्री हो गई है. टीम में चयन के बाद सरफराज ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर अपनी खुशी जाहिर की. अब उनकी नजरें टीम के साथ जुड़कर प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने पर हैं.
सरफराज ने 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था. इंग्लैंड के अगले दौरे पर वह भारतीय टीम के साथ गए, लेकिन अंतिम एकादश में जगह नहीं बना सके. इसके बाद उन्हें टीम से बाहर रहना पड़ा. इस दौरान उन्होंने घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाए और अपनी फिटनेस पर भी खास ध्यान दिया. वजन कम करने के बाद उनकी फिटनेस में भी काफी बदलाव देखने को मिला.
टीम में वापसी की खबर मिलने के बाद सरफराज ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें साझा कीं. एक तस्वीर में वह भारतीय टीम की यात्रा वाली जर्सी पहने नजर आए. दूसरी तस्वीर में वह अपने पिता और कोच नौशाद खान के साथ दिखाई दिए. इन तस्वीरों के जरिए उन्होंने लंबे समय बाद राष्ट्रीय टीम में लौटने की खुशी जाहिर की.
सुदर्शन की जगह मिली एंट्री
सरफराज को चोटिल साई सुदर्शन के स्थान पर टीम में शामिल किया गया है. सुदर्शन आमतौर पर तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं, जबकि सरफराज की बल्लेबाजी क्रम उनसे नीचे आता है. ऐसे में टीम संयोजन को देखते हुए उनके लिए प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना आसान नहीं होगा. फिर भी सरफराज के पास टीम के साथ खुद को साबित करने का अहम मौका है.
टीम में वापसी के बाद सरफराज की कोशिश होगी कि उन्हें मौका मिलने पर वह बड़ी पारी खेलें और चयनकर्ताओं का भरोसा मजबूत करें. लंबे समय तक बाहर रहने के बाद मिले इस अवसर को वह किसी भी कीमत पर गंवाना नहीं चाहेंगे. घरेलू क्रिकेट में उनके प्रदर्शन ने एक बार फिर उन्हें राष्ट्रीय चयन के दायरे में पहुंचाया है.
सरफराज ने भारत के लिए अब तक छह टेस्ट मैच खेले हैं. उनके नाम एक शतक और तीन अर्धशतक दर्ज हैं. उन्होंने अपना पिछला टेस्ट मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला था. अब श्रीलंका दौरे पर टीम में वापसी उनके करियर के लिए अहम पड़ाव साबित हो सकती है.