पंजाब की नई T20 लीग की शुरुआत से पहले ही बड़े क्रिकेट सितारों की एंट्री ने इसे चर्चा में ला दिया है. भारतीय कप्तान शुभमन गिल फाजिल्का फाल्कन्स और अभिषेक शर्मा अमृतसर सूरमास के मार्की खिलाड़ी होंगे. PCA का लक्ष्य युवा क्रिकेटरों को बड़े खिलाड़ियों के साथ खेलने और सीखने का मौका देना है.
पहली बार आयोजित हो रही ‘शेर-ए-पंजाब T20 लीग’ में शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा सबसे बड़े नामों में शामिल होंगे. गिल फाजिल्का फाल्कन्स के लिए खेलेंगे. वहीं अभिषेक शर्मा अमृतसर सूरमास की टीम का हिस्सा होंगे. इनके अलावा अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह, रमनदीप सिंह और गुरनूर बराड़ जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी भी प्रतियोगिता को खास बनाएगी. इनमें कई खिलाड़ी भारत और IPL में खेल चुके हैं. टूर्नामेंट 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चलेगा और छह टीमें कुल 27 मैच खेलेंगी. न्यू चंडीगढ़ के PCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में लीग को आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया गया. PCA का मानना है कि बड़े खिलाड़ियों की मौजूदगी से पंजाब के युवा क्रिकेटरों को आगे बढ़ने का बेहतर मौका मिलेगा.
शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा हाल के IPL सीजन में भी अपने प्रदर्शन से चर्चा में रहे हैं. IPL 2026 में गिल ने 288 गेंदों पर 462 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 160.42 रहा. दूसरी ओर, अभिषेक ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 14 मैचों में 563 रन बनाए और 206 के शानदार स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की. उन्होंने नाबाद 135 रन की बड़ी पारी भी खेली. ऐसे में पंजाब की इस नई लीग में दोनों से तेज और आक्रामक बल्लेबाजी की उम्मीद रहेगी. गिल ने लीग लॉन्च के दौरान कहा कि पंजाब ने हमेशा अच्छे क्रिकेटर दिए हैं और उन्हें उम्मीद है कि यह प्रतियोगिता भविष्य के खिलाड़ियों को पहचानने में मदद करेगी. गिल के परिवार की ओर से गांव में क्रिकेट अकादमी चलाने और बच्चों को मुफ्त ट्रेनिंग देने की जानकारी भी सामने आई.
‘शेर-ए-पंजाब T20 लीग’ का मकसद सिर्फ T20 मैच कराना नहीं है. पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन इस प्रतियोगिता के जरिए राज्य के युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच देना चाहता है, जहां उन्हें बड़े क्रिकेटरों के साथ खेलने और उनसे सीखने का मौका मिले. लीग राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में खेली जाएगी. हर फ्रेंचाइजी एक मार्की खिलाड़ी और कम से कम दो आइकन खिलाड़ी अपनी टीम में रख सकती है. टीमों के पास 45 लाख रुपये का सैलरी पर्स होगा और एक टीम में अधिकतम 20 खिलाड़ी हो सकते हैं. PCA को उम्मीद है कि छह फ्रेंचाइजियों वाली यह लीग पंजाब के क्रिकेट ढांचे को मजबूत करेगी और नए खिलाड़ियों को आगे चलकर राज्य और भारतीय टीम तक पहुंचने का रास्ता देगी.