अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी ODI सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है. IPL 2026 फाइनल के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट का शिकार हुए विराट कोहली अब इस पूरी सीरीज से बाहर हो चुके हैं. ऐसे में चयनकर्ताओं के सामने सबसे बड़ा सवाल उनके विकल्प का है. चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ इस दौड़ में सबसे आगे हैं. कुछ लोगों की मानें तो ODI वर्ल्ड कप की टीम में जगह बनाने के लिए रुतुराज को सुनहरा मौका मिला है.
भारतीय क्रिकेट टीम की योजनाओं को उस समय झटका लगा. IPL फाइनल के दौरान विराट कोहली को हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई. हालांकि उन्होंने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ नाबाद 75 रन बनाकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई. बाद में हुए मेडिकल परीक्षण में चोट की पुष्टि हो गई. डॉक्टरों ने उन्हें कम से कम दो सप्ताह आराम की सलाह दी है. अफगानिस्तान के खिलाफ ODI सीरीज 14 जून से शुरू हो रही है. चयनकर्ताओं ने किसी तरह का जोखिम नहीं लेने का फैसला किया है. अब उनके जगह एक नए बल्लेबाज को 3 नंबर पर जगह मिलेगी.
रुतुराज गायकवाड़ का नाम अचानक चर्चा में आ गया है. भले ही IPL 2026 में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा हो लेकिन पिछले कुछ सालों में उन्होंने भारत के लिए सीमित अवसरों में प्रभावशाली बल्लेबाजी की है. दक्षिण अफ्रीका दौरे पर लगाया गया उनका शतक चयनकर्ताओं के जेहन में अब भी ताजा है. ओपनिंग और मिडिल ऑर्डर दोनों में बल्लेबाज़ी करने की क्षमता उन्हें कोहली के विकल्प के तौर पर बेहद उपयोगी बनाती है.
गायकवाड़ को हाल ही में भारत ‘A’ टीम में शामिल किया गया था. वहां वह चोटिल रियान पराग की जगह आए थे. अब सीनियर टीम में संभावित चयन के बाद भारत ‘A’ टीम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, रजत पाटीदार को उस खाली स्थान के लिए प्रमुख उम्मीदवार माना जा रहा है. पाटीदार ने IPL 2026 में कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों से प्रभावित किया है.