नई दिल्ली: हर वो खिलाड़ी जो भारतीय टीम के लिए खेलता है उसका सपना होता है कि वह एक बार तो जरूर अपनी टीम के लिए कप्तानी करें. अब भारतीय मध्यक्रम बल्लेबाज श्रेयस अय्यर का यह सपना साकार हो गया है. लंबे अरसे के बाद उनकी न केवल T20I टीम में वापसी हो रही है बल्कि बोर्ड ने उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी भी सौंपी है. यह अय्यर के करियर का बड़ा पड़ाव माना जा रहा है.
इस फैसले ने न सिर्फ उनके फैंस को उत्साहित किया है, बल्कि उन लोगों को भी खुशी दी है जिन्होंने उनके क्रिकेट सफर को करीब से देखा है. इनमें ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज कप्तान रिकी पोंटिंग का नाम भी शामिल है, जिन्होंने IPL में अय्यर के साथ कई सालों तक काम किया है.
अय्यर को अब कप्तानी मिलने के बाद पोंटिंग ने खुलास किया कि वह लंबे समय से BCCI से श्रेयस अय्यर की सिफारिश कर रहे थे. उनका मानना है कि भारतीय बल्लेबाज ने अपने प्रदर्शन, नेतृत्व क्षमता और दबाव में शांत रहने की कला से खुद को इस जिम्मेदारी के लिए पूरी तरह तैयार साबित किया है.
पोंटिंग ने बताया कि उन्होंने भारतीय चयनकर्ताओं के सामने अय्यर की सिफारिश की थी. उन्होंने अय्यर के पक्ष में अपनी राय रखी थी. उनका विश्वास था कि अगर श्रेयस को कप्तानी का मौका दिया जाता है तो वह उम्मीदों पर खरे उतरेंगे. पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान के अनुसार यह सम्मान अय्यर की उनकी सालों की मेहनत और समर्पण के फलस्वरूप मिला है.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि श्रेयस अय्यर ने IPL में अपने नेतृत्व की क्षमता का प्रदर्शन किया है. अय्यर की कप्तानी में टीम 2020 में IPL फाइनल तक पहुंची थी. इसके बाद उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ खिताब जीतकर अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया. बाद में उन्होंने पंजाब किंग्स को भी फाइनल में पहुंचाया.
बता दें श्रेयस अय्यर और रिकी पोंटिंग की जोड़ी सबसे पहले दिल्ली कैपिटल्स में चर्चा में आई थी.
पोंटिंग का मानना है कि श्रेयस अब पहले की तुलना में ज्यादा परिपक्व, समझदार और प्रभावशाली लीडर बन चुके हैं. उनके अनुसार भारतीय टीम में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं, लेकिन कप्तानी के लिए अय्यर का चयन इस बात का संकेत है कि चयनकर्ताओं को उनकी क्षमताओं पर पूरा भरोसा है.
पोंटिंग ने यह भी कहा कि भारत की कप्तानी बेहद दबाव भरा पद है. हालांकि, अय्यर ने अपने करियर में कई बार मुश्किल परिस्थितियों में बेहतरीन प्रदर्शन कर यह साबित किया है कि वह दबाव को संभालना जानते हैं. पूर्व दिग्गज ने कहा कि वह जल्द ही अय्यर से बात कर उन्हें बधाई देंगे और इस नई जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता से निभाने की सलाह भी देंगे.