menu-icon
India Daily

2 IPL ट्रॉफी, 500 से ज्यादा रन... फिर भी नहीं मिली टीम में जगह, BCCI ने RCB कप्तान को किया नजरअंदाज

शनिवार को BCCI द्वारा ने भारतीय टी20 टीम का ऐलान कर दिया गया है, जिसमें रजत पाटीदार का नाम नहीं है. बोर्ड ने IPL में अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी से धमाल मचाने वाले खिलाड़ी को इसमें जगह नहीं दी है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
2 IPL ट्रॉफी, 500 से ज्यादा रन... फिर भी नहीं मिली टीम में जगह, BCCI ने RCB कप्तान को किया नजरअंदाज
Courtesy: ANI

नई दिल्ली: शनिवार को BCCI द्वारा ने भारतीय टी20 टीम का ऐलान कर दिया गया है. बोर्ड ने सूर्यकुमार यादव से आगे बढ़ते हुए श्रेयस अय्यर को कप्तानी का जिम्मा सौंपा है. आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज के लिए टीम की घोषणा हो चुकी है जिसमें कई ऐसे खिलाड़ियों का नाम है जो इस टीम में रहने के हकदार थे. लेकिन कई खिलाड़ी ऐसे भी हैं जिन्हें बीसीसीआई ने नजरअंदाज किया है. उन्हें भी इस टीम में जगह मिलनी चाहिए थी लेकिन बोर्ड ने उन पर ध्यान ही नहीं दिया. 

भारतीय क्रिकेट में प्रतिभा की कभी कमी नहीं रही, लेकिन टीम में जगह सीमित होने के कारण कई बार शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी इंतजार करना पड़ता है. ऐसा ही कुछ इस बार रजत पाटीदार के साथ देखने को मिला है. लगातार दो आईपीएल सीजन में अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी से प्रभावित करने वाले पाटीदार को आगामी टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली, जिससे क्रिकेट प्रशंसकों के बीच चर्चा तेज हो गई है.

शानदार IPL के बाद भी नहीं मिला मौका

पाटीदार ने IPL 2026 में बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन किया था. उन्होंने पूरे सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए और आक्रामक बल्लेबाजी से कई मैचों का रुख बदला. उनकी स्ट्राइक रेट भी काफी प्रभावशाली रही, जिसने उन्हें टूर्नामेंट के सबसे खतरनाक मध्यक्रम बल्लेबाजों में शामिल कर दिया.

बता दें पाटीदार ने IPL 2026 में 15     मैचों की 14 पारियों में 41.75 की औसत और 192.69 की स्ट्राइक रेट से 501 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका उच्चतम स्कोर 93* रहा है. 

कप्तानी में भी खुद को किया साबित 

पाटीदार ने केवल बल्लेबाजी में ही नहीं बल्कि कप्तानी में भी अपनी छाप छोड़ी. उनकी कप्तानी में RCB ने लगातार दूसरे साल खिताब जीतकर इतिहास रचा दिया. ऐसे में कई क्रिकेट विशेषज्ञों और प्रशंसकों को उम्मीद थी कि उन्हें भारतीय टी20 टीम में मौका मिलेगा. हालांकि ऐसा नहीं हुआ जबकि बोर्ड ने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को टीम में जगह दी है. 

चयनकर्ताओं ने क्या कहा?

जब चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर से पाटीदार को नजरअंदाज किए जाने के बारे में सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि भारत में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की लिस्ट लंबी है और हर योग्य खिलाड़ी को टीम में शामिल करना संभव नहीं होता. उनके अनुसार, चयनकर्ताओं ने उपलब्ध विकल्पों में से सबसे संतुलित टीम चुनने की कोशिश की है.

आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ भारत की टी20 टीम 

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा , संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल , वाशिंगटन सुंदर , वरुण चक्रवर्ती, मोहम्मद सिराज , अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, हर्षित राणा , रवि बिश्नोई.