आईपीएल 2026 के Qualifer 1 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की मुश्किलें बढ़ गई हैं. टीम के युवा ऑलराउंडर जैकब बेथेल चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. बाएं हाथ की उंगली में लगी चोट अब इतनी गंभीर मानी जा रही है कि उन्हें इलाज और जांच के लिए इंग्लैंड लौटना पड़ रहा है. प्लेऑफ में पहुंच चुकी आरसीबी के लिए यह खबर किसी बड़े झटके से कम नहीं हैं.
जैकब बेथेल को चोट पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान लगी थी. धर्मशाला में हुए उस मैच में आखिरी ओवर के दौरान चौका रोकने के प्रयास में उन्होंने डाइव लगाई थी. इसी दौरान उनके बाएं हाथ की अनामिका में चोट आ गई. शुरुआत में टीम मैनेजमेंट को उम्मीद थी कि चोट ज्यादा गंभीर नहीं होगी लेकिन बाद में दर्द बढ़ने के बाद उन्हें मैदान से बाहर रहना पड़ा. इसके बाद मेडिकल जांच में पता चला कि उन्हें लंबा आराम करना पड़ सकता है.
🚨 𝙊𝙛𝙛𝙞𝙘𝙞𝙖𝙡 𝘼𝙣𝙣𝙤𝙪𝙣𝙘𝙚𝙢𝙚𝙣𝙩: Jacob Bethell sustained an injury to his left ring finger during our game against PBKS. He will return to England to be assessed ahead of their Test series. ❤️🩹
𝙶𝚎𝚝 𝚠𝚎𝚕𝚕 𝚜𝚘𝚘𝚗, 𝙹𝙱! 🫂 𝚆𝚎’𝚕𝚕 𝚖𝚒𝚜𝚜 𝚑𝚊𝚟𝚒𝚗𝚐 𝚢𝚘𝚞… pic.twitter.com/x6ipurfteA— Royal Challengers Bengaluru (@RCBTweets) May 23, 2026Also Read
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इस सीजन शानदार प्रदर्शन करते हुए अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया है. टीम अब क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस से भिड़ने वाली है. ऐसे अहम समय पर बेथेल का बाहर होना टीम के लिए एक बड़ा नुकसान है.
बल्ले से उनका प्रदर्शन इस सीजन अच्छा नहीं रहा लेकिन टीम उन्हें एक ऑलराउंड विकल्प के रूप में देख रही थी. सात मुकाबलों में उन्होंने 96 रन बनाए और जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी में भी योगदान दिया.
बेथेल की चोट ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम की चिंता भी बढ़ा दी है. इंग्लैंड को जल्द ही न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है. लॉर्ड्स में होने वाले पहले टेस्ट के लिए उनका चयन लगभग तय माना जा रहा था. इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने बयान जारी कर कहा है कि बेथेल की विस्तृत मेडिकल जांच की जाएगी. डॉक्टर उनकी फिटनेस पर लगातार नजर रखेंगे और उसके बाद ही फैसला लिया जाएगा कि वे टेस्ट सीरीज खेल पाएंगे या नहीं.