menu-icon
India Daily

लखीमपुर खीरी हादसा: सीओ की सरकारी बोलेरो की टक्कर से मामा-भांजे की मौत, परिजनों का हंगामा

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सीओ की सरकारी बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार मामा-भांजे की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद अस्पताल में परिजनों ने हंगामा किया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Dhiraj Kumar Dhillon
लखीमपुर खीरी हादसा: सीओ की सरकारी बोलेरो की टक्कर से मामा-भांजे की मौत, परिजनों का हंगामा
Courtesy: Google

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में शनिवार को सीओ की सरकारी बोलेरो ने मामा-भांजे की जान ले ली. मामा-भांजा बाइक पर सवार थे. सीओ की बोलेरो ने बाइक में इतनी जबरदस्त टक्कर मारी कि बाइक हवा में उछल गई. बाइक पर सवार मामा- भांजा सिर के बल सड़क पर गिरे. मामा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि भांजे की अस्पताल में मौत हो गई. घटना उस समय हुई जब मोहम्मदी सीओ अरुण कुमार थाना दिवस में जाने के लिए निकले थे. घटना मोहम्मदी थानाक्षेत्र की है.

भांजे को राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसे में घायल हुए भांजे को मौके पर मौजूद राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया. सूचना पाकर परिजन अस्पताल पहुंचे. परिजनों ने पुलिस को बताया कि मामा-भांजे फसल में लगाने के लिए दवा लेने शहर जा रहे थे. दोपहर करीब 12 बजे मोहम्मदी और कंधारापुर रोड पर  सीओ अरुण कुमार सिंह की सरकारी बोलेरो ने बाइक को रौंद दिया. घटना में बाइक सवार 50 वर्षीय जयराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जयराम के भांजे 45 वर्षीय राम अवतार ने मोहम्मदी स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया.

परिजनों ने अस्पताल में पहुंचकर हंगामा किया

हादसे की खकर मिलने पर राम अवतार की पत्नी रेशमा अन्य परिजनों के साथ अस्पताल पहुंची. हादसे से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया. मामला बढ़ता देख एसडीएम, तहसीलदार और मोहम्मदी इंस्पेक्टर समेत भारी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतकों के परिजनों को शांत किया. मामा-भांजे शहाजहांपुर के अनाया गांव के रहने वाले थे और राम अवतार की रैगाई थानाक्षेत्र के पिहानी गांव स्थित ससुराल में रहकर खेतीबाड़ी करते थे.

राम अवतार के बेटी ने सीओ के खिलाफ तहरीर दी

जानकारी के मुताबिक राम अवतार के बेटे अनुज ने सीओ अरुण कुमार सिंह के खिलाफ थाने में तहरीर दी है. तहरीर में आरोप लगाया है कि सीओ सरकारी गाड़ी में मौजूद थे और चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए बाइक में टक्कर मार दी. चालक के नशे में होने का भी आरोप तहरीर में लगाया गया है. मामले में सीओ अरुण कुमार सिंह का कहना है कि तेज रफ्तार बाइक ने सामने से बोलेरो में टक्कर मार दी. पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है, सीओ की गाड़ी थाने में खड़ी की गई है. एसपी ख्याति गर्ग का कहना है कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी.