Ranji Trophy 2024, Tanmay Agarwal: भारत में इन दिनों रणजी ट्रॉफी 2024 खेली जा रही है. 26 जनवरी को हैदराबाद के ओपनर तन्मय अग्रवाल ने 160 गेंदों पर 323 रन ठोककर काफी सुर्खियां बटोरी हैं. उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ ये कमाल किया है. उन्होंने 147 गेंदों में फर्स्ट क्लास क्रिकेट का सबसे तेज तिहरा शतक लगाया. वो फिलहाल 323 रन बनाकर नाबाद हैं. वह 400 रनों के आंकड़े को छूने की कोशिश करेंगे. विस्फोटक अंदाज में तिहरा शतक जमाने के बाद उन्होंने बड़ा बयान दिया है. तनमय ने बताया कि आखिर कैसे उन्होंने इस तरह की पारी खेली.
तन्मय अग्रवाल ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया 'मुझे अच्छा और आभारी महसूस हो रहा है. 150 रन पूरे करने के बाद मैंने हिट करना शुरू कर दिया और किस्मत मेरे पक्ष में थी. मुझे हमेशा बल्ले के बीच में गेंद मिलती थी और गेंदें बाहर जाती थीं, मैं बस बल्लेबाजी करता रहा और हिट करता रहा.' तन्मय ने अपनी पारी में 33 चौके और 21 छक्के लगाए हैं. उनका स्ट्राईक रेट 201.87 का है.
तन्मय अग्रवाल ने साफ तौर पर कहा कि वो क्रीज पर टिके रहे और बेखौफ अंदाज में बैटिंग करते रहे. उन्हें आउट होने का डर नहीं था. यही वजह है कि वह सबसे तेज तिहरा शतक जमा पाए. उनकी इस पारी के दम पर हैदराबाद ने 1 विकेट खोकर 529 रन बनाए और 357 रनों की लीड ले ली. अरुणाचल प्रदेश ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 39.4 ओवर में 172 रन बनाए थे. टीम के लिए ओपनर टेची डोरिया ने सबसे ज्यादा 97 रनों की पारी खेली थी.
Tanmay Agarwal hit the fastest triple-century in the history of first-class cricket.
— Cricbuzz (@cricbuzz) January 26, 2024
323* (160) - 33 (4s) & 21 (6s) vs Arunachal Pradesh.
PC: BCCI pic.twitter.com/ljP6LoBQ2a
तन्मय अग्रवाल के साथ ओपनिंग करने आए कप्तान राहुल सिंह ने भी 185 रनों की विस्फोटक पारी खेली. उन्होंने 105 गेंदों में 185 रन बनाए. इस दौरान उनके बैट से 26 चौके और 3 छक्के भी निकले.
तन्मय अग्रवाल ने 323 रनों की पारी में 119 गेंदों पर 200 रन बनाए थे. इस तरह उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान रवि शास्त्री का सबसे तेज दोहरे शतक का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. रवि शास्त्री फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी थे। अब इस मामले में तन्मय टॉप पर हैं.
28 साल के तन्मय अग्रवाल ने 147 गेंदों में तिहरा शतक जमाया है. इस पारी के दम पर उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के मार्को मराइस का रिकॉर्ड भी तोड़ा, जिन्होंने बॉर्डर और वेस्टर्न प्रोविंस के बीच हुए मैच में 191 गेंद में तिहरा शतक बनाया था.