menu-icon
India Daily

टीम इंडिया में होगी रजत पाटीदार और वैभव सूर्यवंशी की एंट्री? पूर्व चयनकर्ता का बड़ा दावा

2028 टी20 विश्व कप से पहले भारतीय टीम में दो नए खिलाड़ियों की एंट्री हो सकती है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
टीम इंडिया में होगी रजत पाटीदार और वैभव सूर्यवंशी की एंट्री? पूर्व चयनकर्ता का बड़ा दावा
Courtesy: x

भारतीय टी20 टीम 2028 टी20 विश्व कप की तैयारी में जुटी है. इसी बीच पूर्व क्रिकेटर व चयनकर्ता सबा करीम का एक बयान चर्चा का विषय बन गया है. करीम का मानना है कि 2028 टी20 विश्व कप तक पहुंचते-पहुंचते टीम का चेहरा काफी बदल सकता है. उन्होंने मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव की फॉर्म पर सवाल उठाए हैं. संकेत दिया है कि चयनकर्ता भविष्य को ध्यान में रखते हुए नए विकल्पों की तरफ बढ़ सकते हैं.

सूर्यकुमार की फॉर्म ने बढ़ाई चिंता

सबा करीम का मानना है कि सूर्यकुमार यादव का हालिया प्रदर्शन चयनकर्ताओं की योजनाओं को प्रभावित कर सकता है. कभी टी20 क्रिकेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाज माने जाने वाले सूर्यकुमार पिछले कुछ समय से अपनी पुरानी लय हासिल नहीं कर पाए हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ कुछ उपयोगी पारियां खेलने और टी20 विश्व कप में एक अहम योगदान देने के बावजूद उनका समग्र प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा. आईपीएल 2026 में भी उनका बल्ला लगातार प्रभाव नहीं छोड़ सका. 13 मैचों में 270 रन और केवल दो अर्धशतक उनके स्तर के खिलाड़ी के लिए सामान्य आंकड़े नहीं माने जा रहे. इसी वजह से करीम को लगता है कि आने वाले वर्षों में चयनकर्ता नए चेहरों पर अधिक भरोसा कर सकते हैं.

2028 विश्व कप की तैयारी में बड़ा बदलाव संभव

करीम ने कहा कि भारतीय क्रिकेट पहले भी बड़े बदलाव देख चुका है. चयनकर्ताओं ने अतीत में अनुभवी खिलाड़ियों से आगे बढ़कर नई टीम तैयार की थी. उसी तरह 2028 टी20 विश्व कप के लिए भी योजना बनाई जा सकती है.

कप्तानी की दौड़ में नए नाम

भारतीय टी20 टीम की भविष्य की कप्तानी को लेकर भी करीम ने कई दिलचस्प नाम सामने रखे. उन्होंने रजत पाटीदार की कप्तानी क्षमता की खुलकर तारीफ की और कहा कि लगातार दो आईपीएल खिताब जीतना आसान काम नहीं होता. उनके मुताबिक पाटीदार ने दबाव में शांत रहकर नेतृत्व किया है. इसके अलावा श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन और ईशान किशन को भी उन्होंने कप्तानी उम्मीदवारों में गिना.

वैभव सूर्यवंशी पर चयनकर्ताओं की नजर

करीम ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा नाम बताया. उन्होंने कहा कि महज 15 साल की उम्र में जिस तरह वैभव ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजती की है, चयनकर्ता उन्हें टीम में शामिल करने के लिए तैयार दिख रहे हैं.