menu-icon
India Daily

सिराज बाहर, स्टार पेसर की एंट्री! इंग्लैंड-आयरलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया में बड़ा फेरबदल

हाल ही में, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आगामी टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए टीमों की घोषणा की थी, और सीरीज नजदीक आने के साथ ही बोर्ड ने टीम में एक बदलाव किया है, जिसमें स्टार तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को मोहम्मद सिराज की जगह टीम में शामिल किया गया है. 

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
सिराज बाहर, स्टार पेसर की एंट्री! इंग्लैंड-आयरलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया में बड़ा फेरबदल
Courtesy: X (@mufaddal_vohra)

नई दिल्ली: भारत बनाम अफगानिस्तान (IND vs AFG) एकमात्र टेस्ट मैच के  बाद दोनों टीमें 13 जून को एक बार फिर से आमने-सामने होंगी.  इसके बाद भारतीय टीम को  सफेद गेंद की सीरीज के लिए आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे पर जाना है. जिसके लिए बीसीसीआई ने पहले ही टीम का ऐलान कर दिया है. सीरीज के लिए भारत ने पहले ही अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. गौरतलब है कि भारत आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगा, जबकि भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय और तीन वनडे मैच खेले जाएंगे.

लेकिन सीरीज से पहले BCCI ने टीम में एक बड़ा बदलाव किया है, इस बदलाव के तहत अब मोहम्मद सिराज इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं. 

वर्कलोड मैनेजमेंट के कारण बाहर हुए सिराज

गौरतलब है कि मोहम्मद सिराज को एहतियात के तौर पर और उनके कार्यभार को बेहतर ढंग से प्रबंधित करने के लिए टीम से बाहर किया गया है। BCCI ने एक बयान में कहा, 'BCCI की मेडिकल टीम और टीम प्रबंधन के बीच हुई चर्चा के बाद, सिराज को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम करने की सलाह दी गई है। यह निर्णय लंबे इंटरनेशनल सत्र से पहले पर्याप्त रिकवरी सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती उपाय के रूप में लिया गया है. क्योंकि, बोर्ड महत्वपूर्ण सीरीज के तहत अपने अहम गेंदबाज को खोना नहीं चाहेगी.'

प्रसिद्ध कृष्णा को मिला मौका

अब सवाल यह है कि अगर BCCI ने सिराज को बाहर किया है तो उनकी जगह टीम में कौन है. तो आपकी जानकारी के लिए बता दें कि बोर्ड ने सिराज की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया है. वह अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में टीम का हिस्सा थे, जिसमें उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा. जिसके आधार पर बोर्ड ने उन्हें यह मौका दिया है. 

26 जून से विदेश दौरे पर होगी टीम इंडिया

आगामी विदेशी दौरे के कार्यक्रम की बात करें तो, भारत और आयरलैंड के बीच दो T20I मैच खेले जाएंगे. दोनों टीमें बेलफास्ट के स्टॉर्मोंट स्थित सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में आमने-सामने होंगी और ये मैच 26 और 28 जून को होंगे. 

आयरलैंड दौरे के समापन के बाद, भारत पांच T20I मैचों में इंग्लैंड से भिड़ेगा. दोनों टीमें 1, 4, 7, 9 और 11 जुलाई को क्रमशः चेस्टर-ले-स्ट्रीट, मैनचेस्टर, नॉटिंघम, ब्रिस्टल और साउथेम्प्टन में इन मैचों के लिए आमने-सामने होंगी. 

आयरलैंड और इंग्लैंड T20I के लिए भारत की टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा