डलास के एटी एंड टी स्टेडियम में मंगलवार की रात एक ऐसा मुकाबला होने जा रहा है जो दशकों तक याद किया जाएगा. पड़ोसी देश, पुराने दुश्मन और फुटबॉल के दो अलग-अलग युग एक मैदान पर आमने-सामने होंगे. एक तरफ 41 साल के रोनाल्डो अपना आखिरी वर्ल्ड कप खेल रहे हैं और दूसरी तरफ 18 साल के यमाल जो अभी-अभी दुनिया को अपना नाम बता रहे हैं.
यह सिर्फ पुर्तगाल बनाम स्पेन नहीं है. यह उस पीढ़ी की विदाई है जिसने फुटबॉल को नई ऊंचाइयों पर ले जाया और उस नई पीढ़ी का स्वागत है जो आगे की राह संभालेगी. क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने खुद माना है कि यह उनका आखिरी वर्ल्ड कप है. वे पहले ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने छह अलग-अलग वर्ल्ड कप में गोल किए. उज्बेकिस्तान के खिलाफ दो और क्रोएशिया के खिलाफ पेनल्टी से अपना पहला नॉकआउट गोल दागकर वे अभी भी इतिहास लिख रहे हैं. सामने यमाल होंगे जो उस साल पैदा हुए जब रोनाल्डो का पहला वर्ल्ड कप हो रहा था.
इस मैच का सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या रोनाल्डो स्पेन की उस दीवार को तोड़ पाएंगे जो पूरे टूर्नामेंट में एक भी गोल नहीं खाई है. स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन ने वर्ल्ड कप में लगातार 519 मिनट तक गोल न खाने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया है. पुर्तगाल ने चार मैचों में आठ गोल किए हैं और उनका अटैक खतरनाक है लेकिन स्पेन का डिफेंस इस टूर्नामेंट का सबसे मजबूत डिफेंस है. यह भिड़ंत देखने लायक होगी.
वैसे तो स्पेन और पुर्तगाल 1921 से अब तक 41 बार भिड़ चुके हैं लेकिन वर्ल्ड कप में यह उनका सिर्फ तीसरा मुकाबला होगा. 2010 में स्पेन ने राउंड ऑफ 16 में पुर्तगाल को हराया था और बाद में खिताब भी जीता था. 2018 में ग्रुप स्टेज में दोनों का मैच 3-3 से ड्रॉ रहा था जिसमें रोनाल्डो ने हैट्रिक की थी. हालांकि हाल का रिकॉर्ड पुर्तगाल के पक्ष में है क्योंकि उन्होंने 2025 UEFA नेशंस लीग फाइनल में स्पेन को पेनल्टी में हराया था. यह मैच भारत में Zee5 पर लाइव देखा जा सकता है.