menu-icon
India Daily

IND vs ZIM T20 Series: जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान, रिंकू सिंह-मयंक यादव की वापसी; संजू सैमसन बाहर

BCCI ने जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम का ऐलान कर दिया है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
IND vs ZIM T20 Series: जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान, रिंकू सिंह-मयंक यादव की वापसी; संजू सैमसन बाहर
Courtesy: X

भारत और जिम्बाब्वे के बीच इस महीने होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम घोषित कर दी गई है. चयनकर्ताओं ने अनुभवी खिलाड़ियों के साथ कई युवा चेहरों को भी मौका दिया है. टीम में कुछ अहम वापसी हुई है. वहीं कई खिलाड़ियों को आराम दिया गया है.

युवा खिलाड़ियों पर चयनकर्ताओं का भरोसा

जिम्बाब्वे दौरे के लिए चुनी गई टीम में चयनकर्ताओं ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए कई नए खिलाड़ियों को मौका दिया है. विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह, तेज गेंदबाज अशोक शर्मा और यश ठाकुर पहली बार भारतीय टीम का हिस्सा बने हैं. स्पिन ऑलराउंडर हर्ष दुबे को भी स्क्वॉड में जगह मिली है, जो पहले वनडे क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी टीम में बने हुए हैं. इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले वैभव पर चयनकर्ताओं ने एक बार फिर भरोसा जताया है.

कई बड़े नामों को मिला आराम

टीम में सबसे बड़ी खबर रिंकू सिंह की वापसी रही। पिछले कुछ दौरों में टीम से बाहर रहने के बाद उन्हें फिर से मौका मिला है. कप्तानी की जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है. वहीं तिलक वर्मा उप-कप्तान होंगे. दूसरी ओर, संजू सैमसन को इस सीरीज के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है. माना जा रहा है कि उन्हें आराम दिया गया है. इसके अलावा अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा जैसे खिलाड़ियों को भी वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत विश्राम दिया गया है. तेज गेंदबाज मयंक यादव भी लंबे समय बाद भारतीय टीम में लौटे हैं और उनसे अच्छी गेंदबाजी की उम्मीद रहेगी.

हरारे में होंगे तीनों मुकाबले

भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीनों टी20 मुकाबले हरारे में खेले जाएंगे. पहला मैच 23 जुलाई, दूसरा 25 जुलाई और तीसरा मुकाबला 26 जुलाई को होगा. तीनों मैच भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे शुरू होंगे. वहीं इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए भी भारतीय टीम में बदलाव किया गया है. चोटिल नीतीश कुमार रेड्डी की जगह ऑलराउंडर शिवम दुबे को टीम में शामिल किया गया है.

भारत की टी20 टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर).

जिम्बाब्वे दौरे का शेड्यूल:

  • पहला टी20 – 23 जुलाई, हरारे
  • दूसरा टी20 – 25 जुलाई, हरारे
  • तीसरा टी20 – 26 जुलाई, हरारे

सभी मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे शुरू होंगे.