क्रिकेट में कई बार बड़ा स्कोर भी जीत की गारंटी नहीं बन पाता. एशिया कप राइजिंग स्टार्स के सेमीफाइनल में भारतीय टीम के साथ कुछ ऐसा ही हुआ. भारत ए ने श्रीलंका ए के सामने 318 रनों का लक्ष्य रखा, लेकिन इसके बावजूद टीम को 8 विकेट से हार झेलनी पड़ी. श्रीलंका के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और मुकाबला एकतरफा बना दिया.
तिलक वर्मा के मुताबिक, भारतीय टीम को 320 से 330 रन का स्कोर जीत के लिए पर्याप्त लग रहा था. शुरुआती 20 ओवर में गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आ रही थी, लेकिन बाद में पिच धीमी हो गई. कुछ गेंदें रुककर आईं और नीचे रहने लगीं. इसी दौरान भारत ने लगातार तीन विकेट गंवा दिए, जिसका असर अंतिम स्कोर पर पड़ा.
भारतीय टीम ने लक्ष्य का बचाव करते समय शुरुआती 15 ओवर को बेहद अहम माना था. योजना थी कि श्रीलंका को इस दौरान 6 रन प्रति ओवर से ज्यादा नहीं बनाने दिए जाएंगे. टीम को उम्मीद थी कि बाद में पिच धीमी होने से गेंदबाजों को मदद मिलेगी. हालांकि, श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने भारतीय रणनीति को सफल नहीं होने दिया.
श्रीलंका के लसिथ क्रूसपुल्ले ने 116 और सिनेथ जयवर्धने ने 105 रन की शानदार पारियां खेलीं. दोनों के बीच 174 रनों की साझेदारी हुई. श्रीलंका ने 41.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया. तिलक ने माना कि उन्होंने सभी गेंदबाजों को आजमाया, लेकिन किसी को भी पिच से अपेक्षित मदद नहीं मिली. उन्होंने विपक्षी बल्लेबाजों को जीत का श्रेय दिया.
हार के बावजूद तिलक वर्मा ने शाहबाज अहमद और तन्मय कोटियन के प्रदर्शन की सराहना की. उन्होंने कहा कि दोनों ने पहली बार टीम के लिए खेलते हुए प्रभावित किया. शाहबाज ने गेंद और बल्ले दोनों से उपयोगिता दिखाई, जबकि तन्मय भी अच्छे ऑलराउंडर साबित हो सकते हैं. तिलक ने कहा कि टीम गेंदबाजी की कमियों पर चर्चा करेगी और बेहतर तैयारी के साथ वापसी करने की कोशिश करेगी.
श्रीलंका ए के कप्तान पवन रत्नायके ने अपनी टीम की बल्लेबाजी की तारीफ की. उन्होंने कहा कि दूसरी पारी में विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा था और क्रूसपुल्ले, सिनेथ तथा निशान मदुश्का ने शानदार योगदान दिया. गेंदबाजी के दौरान टीम ने दूसरे पावरप्ले में स्पिनरों पर भरोसा जताया, जिसका उसे फायदा मिला.