menu-icon
India Daily

फीफा ने बेल्जियम की अपील को किया खारिज, फोलारिन बालोगुन के खेलने का रास्ता साफ

फीफा ने अमेरिका के स्ट्राइकर फोलारिन बालोगुन की पात्रता के खिलाफ बेल्जियम की अपील खारिज कर दी. अब बालोगुन वर्ल्ड कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में खेल सकेंगे.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
फीफा ने बेल्जियम की अपील को किया खारिज, फोलारिन बालोगुन के खेलने का रास्ता साफ
Courtesy: X

FIFA World Cup 2026 में फोलारिन बालोगुन को लेकर शुरू हुआ विवाद अभी खत्म नहीं हुआ है. बेल्जियम की आपत्ति के बावजूद फीफा ने अमेरिकी स्ट्राइकर को खेलने की मंजूरी बरकरार रखी है. इस फैसले के बाद फुटबॉल जगत में नियमों की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर नई बहस छिड़ गई है.

फीफा ने बेल्जियम की आपत्ति नहीं मानी

फीफा ने सोमवार को साफ कर दिया कि बेल्जियम फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से दायर की गई अपील स्वीकार नहीं की जा सकती. संस्था का कहना है कि बेल्जियम इस अनुशासनात्मक मामले का प्रत्यक्ष पक्ष नहीं है, इसलिए उसे फैसले के खिलाफ अपील करने का अधिकार नहीं बनता. इसी कारण अपील कमेटी ने इसे तकनीकी आधार पर खारिज कर दिया. इसके साथ ही अमेरिकी टीम के स्ट्राइकर फोलारिन बालोगुन की पात्रता बरकरार रही और वह बेल्जियम के खिलाफ होने वाले वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ 16 मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे. फीफा ने यह भी बताया कि अपील कमेटी के चेयरमैन इस फैसले की प्रक्रिया का हिस्सा नहीं थे.

बेल्जियम ने फैसले पर उठाए सवाल

रॉयल बेल्जियन फुटबॉल एसोसिएशन ने फीफा के फैसले पर नाराजगी जताई है. एसोसिएशन का कहना है कि उसे अब तक यह नहीं बताया गया कि बालोगुन पर लगा प्रतिबंध क्यों हटाया गया. बेल्जियम ने आरोप लगाया कि फीफा ने उनके जानकारी मांगने वाले पत्र को ही अपील मान लिया और उसी आधार पर उसे खारिज कर दिया. एसोसिएशन का कहना है कि नियमों के मुताबिक पहले कारण सहित फैसला दिया जाना चाहिए था. उन्होंने यह भी दावा किया कि मैच से पहले जारी दस्तावेजों में खिलाड़ी के ऑटोमैटिक सस्पेंशन से जुड़ी जानकारी में बदलाव किया गया लेकिन इसकी वजह साझा नहीं की गई. बेल्जियम ने कहा कि वह इस मामले में आगे भी उपलब्ध कानूनी विकल्पों पर विचार करेगा.

मैच में खेलेंगे बालोगुन

फोलारिन बालोगुन को पहले रेड कार्ड मिलने के बाद अगले मैच से बाहर माना जा रहा था लेकिन बाद में फीफा ने उनका प्रतिबंध तत्काल लागू नहीं करने का फैसला लिया. इसके बाद उन्हें अमेरिका की टीम में शामिल रहने की अनुमति मिल गई. अब वह बेल्जियम के खिलाफ महत्वपूर्ण मुकाबले में उतर सकेंगे. दूसरी ओर बेल्जियम ने अमेरिकी फुटबॉल फेडरेशन को भी सूचित किया है कि यदि खिलाड़ी का नाम अंतिम टीम सूची में रहेगा तो वह अपनी आपत्ति दर्ज कराएगा. एसोसिएशन का कहना है कि उसका उद्देश्य केवल इस मुकाबले तक सीमित नहीं है, बल्कि वह भविष्य में फुटबॉल के अनुशासनात्मक नियमों की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए भी इस मुद्दे को आगे बढ़ाएगा.