menu-icon
India Daily

...तो ये है Sumit Antil की सफलता का राज, इसी के दम पर भारत को दिलाए बैक टू बैक गोल्ड मेडल

Paris Paralympics 2024: सुमित अंतिल भारत के पैरा जैवलिन स्टार हैं. उन्होंने पैरालंपिक गेम्स में बैक टू बैक गोल्ड मेडल जीता है. इस बार उन्होंने रिकॉर्ड 70.59 मीटर के थ्रो के साथ सोना जीता. उन्होंने बताया कि वो दूसरों पर ध्यान देने की जगह खुद पर फोकस करते हैं. जिससे उन्हें सफलता मिलती है.

India Daily Live
...तो ये है Sumit Antil की सफलता का राज, इसी के दम पर भारत को दिलाए बैक टू बैक गोल्ड मेडल
Courtesy: Twitter

Paris Paralympics 2024: भारत के स्टार पैरा जैवलिन थ्रोअर सुमित अंतिल आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. उन्होंने पैरालंपिक गेम्स में भारत को बैक टू बैक गोल्ड मेडल दिलाए हैं. साल 2020 के टोक्यो पैरालंपिक में सुमित ने  68.55 मीटर के रिकॉर्ड थ्रो के साथ गोल्ड जीता था, इस बार उन्होंने 70.59 मीटर का नया पैरालिंपिक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाते हुए सोना जीता. अपने गोल्ड मेडल को डिफेंड करने के बाद सुमित ने बताया कि कैसे फाइनल मुकाबले से पहले वो सोए नहीं थे. उनके दिमाग में क्या चल रहा था...इसके अलावा उन्होंने अपनी सफलता का राज भी बताया कि उन्हें किस चीज से फायदा मिलता है.

क्या है सुमित अंतिल की सफलता का राज?

सुमित अंतिल ने कहा 'मैं किसी भी प्रतियोगिता में किसी को भी अपने से कमतर नहीं समझता. मैं ये कभी भी यह नहीं कहता कि 'मेरी लड़ाई खुद से है, ऐसा कहना सही नहीं होगा, हालांकि मैं इस बात का पूरा ध्यान रखता हूं कि मैं किसी और पर ध्यान ना दूं. मैं सिर्फ इस चीज पर फोकस करता हूं कि क्या बेहतर कर सकता हूं. आने वाले साल में मैं अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 75 मीटर तक पहुँचाना चाहता हूं.'

फाइनल से पहले रात भर सोए नहीं थे सुमित

सुमित को पिछले 1 साल से पीठ में  दर्द था. इसके बाद भी वो रिकवरी के साथ मैदान में उतरे और देश की उम्मीदों पर खरा उतरे. पेरिस में आने से पहले उन पर पूरे देश की नजर थी. उन्होंने इसे लेकर कहा था कि वो बिल्कुल भी सो नहीं पाए थे. सुमित ने खुलासा किया है कि फाइनल मुकाबले से पहले  मैंने रात भर बिस्तर पर लेटे-लेटे भाग मिल्खा भाग जैसी बॉलीवुड फिल्मों के क्लिप देखे.'



नीरज चोपड़ा से मिला था यह संदेश

सुमित अंतिल ने खुलासा किया है कि वो भारत के लिए लगातार 2 बार ओलंपिक मेडल जीतने वाले अपने दोस्त नीरज चोपड़ा से बातचीत करते रहते हैं. जब वो पेरिस गए तो नीरज ने उन्हें एक संदेश भेजा था. सुमित ने बताया कि नीरज चोपड़ा चाहते थे कि मैं तकनीक पर ध्यान दूं, क्योंकि कई बार ओलंपिक जैसे मंच पर एथलीट गलती कर सकते हैं. इसलिए नीरज ने जो मैसेज किया था, उसमें लिखा था 'कुछ भी नया करने की कोशिश मत करो.' नीरज के इस मैसेज के बाद जब सुमित मैदान पर उतरे को सीधा गोल्ड पर निशाना साधा.

नीरज से कितना पीछे रहा सुमित अंतिल का थ्रो

बता दें कि सुमित का बेस्ट थ्रो पेरिस में 70.59 था. वहीं नीरज ने ओलंपिक गेम्स 2024 में 89.45 मीटर का थ्रो के दम पर सिल्वर जीता था. ये नीरज का इस सीजन बेस्ट थ्रो रहा था. सुमित और नीरज के थ्रो के बीच की दूरी 18.86 मीटर रही. यानी सुमित ने नीरज से 18.86 मीटर पीछे भाला फेंका.