menu-icon
India Daily

मैट रेनशॉ ने मचाया तहलका, 22 साल बाद टूटा एडम गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड

मैट रेनशॉ ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले वनडे में 109 रन की पारी खेलकर अपने करियर का पहला शतक लगाया.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
मैट रेनशॉ ने मचाया तहलका, 22 साल बाद टूटा एडम गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड
Courtesy: X

ऑस्ट्रेलिया के जिम्बाब्वे दौरे का पहला वनडे मैट रेनशॉ के लिए बेहद खास रहा. हरारे स्पोर्ट्स क्लब में नंबर-6 पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 94 गेंदों में 109 रन बनाए. उनकी पारी में सात चौके और तीन छक्के शामिल रहे. यह रेनशॉ का पहला वनडे शतक था, जो कई रिकॉर्ड अपने साथ लाया.

गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड तोड़ा

मैट रेनशॉ ने जिम्बाब्वे के खिलाफ सबसे कम गेंदों में वनडे शतक लगाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. उन्होंने 86 गेंदों में सेंचुरी पूरी की. इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के महान विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट के नाम था. गिलक्रिस्ट ने 2004 में होबार्ट में जिम्बाब्वे के खिलाफ 89 गेंदों में शतक पूरा किया था. करीब 22 साल तक कायम रहा यह रिकॉर्ड अब रेनशॉ के नाम हो गया है. रेनशॉ ने अपनी पूरी पारी के दौरान आक्रामक बल्लेबाजी की और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.

जिम्बाब्वे में खेली सबसे बड़ी पारी

रेनशॉ अब जिम्बाब्वे की जमीन पर वनडे में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज भी बन गए हैं. उन्होंने 2004 के बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे में शतक लगाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज का इंतजार भी खत्म किया. उनसे पहले माइकल क्लार्क ने नाबाद 105 रन बनाए थे. वहीं, 2023 वनडे विश्व कप में ग्लेन मैक्सवेल के 201 रन के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया के किसी बल्लेबाज ने नंबर-6 या उससे नीचे उतरकर वनडे शतक लगाया है. इस तरह रेनशॉ की पारी रिकॉर्ड से भरी रही.

जिम्बाब्वे के खिलाफ पहली बार हुआ ऐसा

रेनशॉ के शतक ने एक और नया रिकॉर्ड बनाया. वनडे क्रिकेट के इतिहास में पहली बार किसी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने जिम्बाब्वे के खिलाफ नंबर-6 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया. इससे पहले इस स्थिति में ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे बड़ी पारी डेमियन मार्टिन के नाम थी. उन्होंने 1999 में बुलावायो में नाबाद 57 रन बनाए थे. रेनशॉ ने अपने पहले ही वनडे शतक के साथ इस पुराने आंकड़े को पीछे छोड़ दिया. 109 रन की उनकी पारी ने जिम्बाब्वे दौरे की शुरुआत को उनके लिए यादगार बना दिया.