Commonwealth games 2026 में भारत की बॉक्सिंग टीम के शानदार प्रदर्शन के बाद ग्लासगो में आयोजित डिनर के दौरान एक विवाद सामने आया. ओलंपिक मेडलिस्ट लवलीना बोरगोहेन ने रेस्टोरेंट में भारत का अधूरा नक्शा देखकर नाराजगी जताई और इसे तुरंत सही करने की मांग की.
भारत की बॉक्सिंग टीम Commonwealth games 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद ग्लासगो के प्रसिद्ध रेस्टोरेंट 'मिस्टर सिंह्स इंडिया – द होम ऑफ करी' में जश्न मनाने पहुंची थी. इसी दौरान लवलीना बोरगोहेन की नजर रेस्टोरेंट के नैपकिन और बाहर लगे भारत के नक्शे पर गई. उन्होंने देखा कि नक्शे में नॉर्थ-ईस्ट का हिस्सा सही तरीके से नहीं दिखाया गया था. इसे देखकर उन्होंने तुरंत अपनी आपत्ति दर्ज कराई. असम की रहने वाली लवलीना ने कहा कि देश का कोई भी हिस्सा अलग नहीं है और भारत का नक्शा हमेशा पूरी तरह और सही तरीके से दिखाया जाना चाहिए.
लवलीना की आपत्ति के बाद बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (BFI) के अध्यक्ष अजय सिंह ने भी इस मामले को गंभीरता से उठाया. उन्होंने कहा कि नक्शे में केवल नॉर्थ-ईस्ट ही नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर का हिस्सा भी सही तरीके से नहीं दिखाया गया था. उन्होंने रेस्टोरेंट प्रबंधन से आग्रह किया कि गलत डिजाइन को हटाकर भारत का सही नक्शा लगाया जाए. यह रेस्टोरेंट ग्लासगो में भारतीय खाने के लिए काफी लोकप्रिय माना जाता है और यहां अक्सर खिलाड़ी व अन्य मेहमान आते हैं. हालांकि खबर लिखे जाने तक रेस्टोरेंट की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी.
All Indian players went to a restaurant in Glasgow to celebrate victory in commonwealth games when they noticed incomplete map of India..
— Trupti Garg (@garg_trupti) August 2, 2026
Boxer Lovlina Borgohain who recently won silver medal in commonwealth games objected to a map of India printed on the restaurant's napkins as… pic.twitter.com/gfSGXmx00B
यह घटना उस समय हुई जब भारत ने Commonwealth games 2026 में बॉक्सिंग का अपना सबसे सफल अभियान पूरा किया था. भारतीय मुक्केबाजों ने कुल सात गोल्ड मेडल जीतकर नया रिकॉर्ड बनाया. महिला वर्ग में प्रीति पवार, जैस्मिन लंबोरिया, साक्षी चौधरी, अरुंधति चौधरी और प्रिया घंघास ने गोल्ड जीते. वहीं पुरुष वर्ग में सचिन सिवाच और अंकुश पंघाल ने भी देश का नाम रोशन किया. लवलीना खुद महिलाओं के 70 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर मेडल जीतने में सफल रहीं. बॉक्सिंग टीम का यह डिनर ऐतिहासिक प्रदर्शन का जश्न मनाने के लिए रखा गया था लेकिन गलत नक्शे के मुद्दे ने पूरे कार्यक्रम का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.