नई दिल्ली: IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स का सफर भले ही उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन टीम में कुछ ऐसे खिलाड़ी थे जिन्होंने अपने जूझारूपने से सबका दिल जीता है. उन्हीं में से एक हैं मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती. उन्होंने अपने जुझारूपन से सभी का दिल जीत लिया.
चोट से परेशान होने के बावजूद उन्होंने टीम के लिए मैदान पर उतरना जारी रखा और यह दिखाया कि उनके लिए फ्रेंचाइजी कितनी मायने रखती है. अब कप्तान अजिंक्य रहाणे ने खुलासा किया है कि वरुण फ्रैक्चर जैसी चोट के बावजूद खेलने के लिए पूरी तरह तैयार थे.
केकेआर के आखिरी लीग मुकाबले के बाद रहाणे ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वरुण चक्रवर्ती को पैर में हेयरलाइन फ्रैक्चर था, लेकिन मेडिकल टीम की मंजूरी मिलने के बाद ही उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया. उन्होंने कहा कि खिलाड़ी की फिटनेस और चोट की गंभीरता पर फैसला पूरी तरह फिजियो और मेडिकल स्टाफ की सलाह के आधार पर लिया गया था.
रहाणे ने साफ किया कि चोट से जुड़े मामलों में उनका सीधा हस्तक्षेप नहीं होता. उन्होंने बताया कि केकेआर के फिजियो, BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और भारतीय टीम के मेडिकल स्टाफ के बीच लगातार बातचीत होती रही. मेडिकल टीम ने यह सुनिश्चित किया कि वरुण की चोट खेलने से और ज्यादा गंभीर न हो.
अजिंक्य रहाणे ने वरुण की तारीफ करते हुए कहा कि वह हर हाल में टीम के लिए खेलना चाहते थे. उन्होंने बताया कि एक मैच में दर्द ज्यादा होने के कारण वरुण को आराम दिया गया, लेकिन उसके बाद भी उन्होंने खेलने की इच्छा जाहिर की.
रहाणे के मुताबिक जब कोई खिलाड़ी चोट के बावजूद मैदान पर उतरने की इच्छा दिखाता है, तो इससे पूरी टीम को पॉजिटिव एनर्जी मिलती है. वरुण की यही प्रतिबद्धता उन्हें टीम का खास खिलाड़ी बनाती है.
KKR के सहायक कोच शेन वॉटसन और मुख्य कोच अभिषेक नायर ने भी वरुण चक्रवर्ती के जज्बे की जमकर तारीफ की. उनका मानना है कि मुश्किल परिस्थितियों में भी टीम के लिए खेलने का उनका फैसला खिलाड़ियों के समर्पण और प्रोफेशनलिज्म को दर्शाता है. बता दें चक्रवर्ती इस सीजन 11 मैच में उपलब्ध रहे हैं जिसमें उन्होंने 11 विकेट अपने नाम किए हैं.