IPL 2025, KKR vs CSK: आईपीएल 2025 का 57वां मुकाबला 7 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच खेला जाएगा. इस मैच से पहले सीएसके के फैंस के लिए एक बुरी खबर आई थी कि कप्तान एमएस धोनी चोट की वजह से बाहर हो सकते हैं. धोनी पिछले कुछ समय से चोट की समस्या से जूझ रहे हैं और ऐसे में अब इस सीजन भी उनको लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आई है.
धोनी ने पिछले दो दिनों से अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं लिया था, जिसके बाद उनकी उपलब्धता पर सवाल उठने लगे. हालांकि, सीएसके ने अब स्थिति साफ कर दी है. बता दें कि अगर धोनी इस मुकाबले से बाहर होते हैं, तो उनके लिए कप्तानी का दूसरा विकल्प भी ढूंढ़ना होगा और ये चेन्नई के लिए बुरी खबर हो सकती है.
चेन्नई सुपर किंग्स इस सीजन में पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है. ऐसे में यह मैच उनके लिए सम्मान की लड़ाई है. लेकिन मैच से पहले खबर आई कि एमएस धोनी पिछले दो दिनों से अभ्यास नहीं कर रहे हैं. ऐसे में दावा किया गया कि धोनी को घुटने में मामूली चोट है, जिसके चलते वह केकेआर के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे. इससे फैंस की चिंता बढ़ गई थी क्योंकि धोनी न सिर्फ कप्तान हैं बल्कि टीम की रणनीति और मनोबल का बड़ा आधार भी हैं.
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएसके के गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस ने फैंस को राहत दी. उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद है कि धोनी कल केकेआर के खिलाफ खेलेंगे." सिमंस ने बताया कि धोनी अपनी शारीरिक स्थिति को अच्छी तरह समझते हैं और उन्हें पता है कि टूर्नामेंट के इस पड़ाव पर कैसे तैयारी करनी है. उन्होंने कहा, "धोनी टूर्नामेंट की शुरुआत में कड़ी मेहनत करते हैं और फिर अपनी तैयारी को संतुलित करते हैं. वह जानते हैं कि कब तैयार होना है. हमें उनकी स्थिति पर कोई चिंता नहीं है."