IPL 2025, GT vs MI: गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल 2025 का एलिमिनेटर मुकाबला खेला जा रहा है. इस मुकाबले में मुंबई ने तीन बदलाव किए हैं और तेज गेंदबाज दीपक चाहर को बाहर का रास्ता दिखाया है. बता दें कि मुंबई के लिए ये सीजन आसान नहीं रहा है. टीम को टूर्नामेंट की शुरुआत में हार का सामना करना पड़ा.
हालांकि, मुंबई ने इसके बाद वापसी की और लगातार 6 मुकाबले जीते. मुंबई ने इस सीदन कुल 8 मैचों में जीत हासिल की और 16 अंकों के साथ वे अंक तालिका में चौथे स्थान पर रहे. इसके अलावा गुजरात की टीम तीसरे नंबर पर रही, जिस वजह से ये दोनों टीमें आपस में एलिमिनेटर में खेल रही हैं.
गुजरात के खिलाफ मुकाबले में मुंबई के लिए तेज गेंदबाज दीपक चाहर नहीं खेल रहे हैं. इस मुकाबले में उनके स्थान पर राज अंगद बावा को मौका दिया गया है. दीपक को बाहर करने को लेकर मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने कुछ भी जानकारी नहीं दी है. हालांकि, ऐसा माना जा रहा है कि वे चोट की समस्या से जूझ रहे हैं और इसी वजह से इस मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं.
बता दें कि कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें चाहर ठीक से चल नहीं पा रहे थे. ऐसे में हो सकता है कि वे अब तक पूरी तरह से फिट नहीं हो सके हों और इसी वजह से इस मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं. मुंबई ने इस मुकाबले में कुल तीन बदलाव किए हैं, जिसमें विल जैक्स की जगह जॉनी बेयरस्टो को शामिल किया गया है. तो वहीं रिचर्ड ग्लीसन को भी अंतिम ग्यारह में मौका मिला है.
Big day. Big game. 👊
— Mumbai Indians (@mipaltan) May 30, 2025
Our XI is ready for the all-important clash 📝💥#MumbaiIndians #PlayLikeMumbai pic.twitter.com/6tHoX5ra7o
गुजरात के खिलाफ इस मुकाबले में मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है. बता दें कि इससे पहले क्वालीफायर 1 भी इसी चंडीगढ़ के मैदान में खेला गया था. उस मुकाबले में बेंगलुरु ने चेज करते हुए जीत हासिल की थी.