IPL 2025: आईपीएल 2025 की तैयारी तेज हो गई है. अगल सीजन कुछ बड़े बदलाव दिख सकते हैं. इस बार मेगा ऑक्शन होना है, जिसमें कई बड़े खिलाड़ी नजर आएंगे. नीलामी से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड जल्द ही आईपीएल टीम मालिकों के साथ बैठक करने वाला है. यह खास मीटिंग इस महीने के अंत में होगी. सूत्रों के अनुसार, बीसीसीआई ने टीम मालिकों को 30 या 31 जुलाई को होने वाली बैठक के लिए उपलब्ध रहने को कहा है, हालांकि अभी सही तारीख की पुष्टि नहीं हुई है.
बताया गया है कि बीसीसीआई आईपीएल टीमों के बीच होने वाली यह बैठक मुंबई में वानखेड़े स्टेडियम परिसर के अंदर बीसीसीआई के नए फर्निश्ड कार्यालय में होगी. यह आमतौर पर पांच सितारा होटलों में होती है, लेकिन इस बार बीसीसीआई ने मालिकों को अपने नए कार्यालय में इनवाइट करने का फैसला किया है. इस बैठक में क्या-क्या हो सकता है, चलिए जानते हैं.
इन 2 विषयों पर चर्चा हो सकती है
क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, बैठक में 2 बड़े विषयों पर चर्चा हो सकती है. पहला खिलाड़ियों का रिटेंशन और दूसरा आईपीएल टीमों के वेतन कैप में वृद्धि शामिल है. टीमों का पर्स बढ़ाया जा सकता है. बताया जा रहा है कि अगले तीन साल के चक्र के पहले वर्ष में पर्स लगभग 120 करोड़ रुपये होने की उम्मीद है. अगर ऐसा हुआ तो हर खिलाड़ी का रिटेंशन मूल्य भी बढ़ सकता है.
रिटेन किए गए खिलाड़ियों की हो सकती है बल्ले-बल्ले
आपको बता दें कि शीर्ष रिटेन किए गए खिलाड़ी का वेतन पूरे पर्स का लगभग 16-17 प्रतिशत था (90 करोड़ रुपये के वेतन में 15 करोड़ रुपये). अगर इसका पालन किया जाता है तो शीर्ष रिटेन किए गए खिलाड़ियों का वेतन लगभग 20 करोड़ रुपये होने की उम्मीद की जा सकती है. इससे उन खिलाड़ियों को फायदा मिलेगा, जिन्हें टीमे रिटेन करती हैं. इनमें विराट कोहली का नाम सबसे आगे है, क्योंकि वो पहले सीजन से आरसीबी का हिस्सा हैं.
बैठक का मुख्य एजेंडा
दरअसल, इस बैठक का दूसरा बड़ा एजेंडा प्लेयर रिटेंशन और सैलरी कैप होगा, जिसमें रिटेंशन की संख्या को लेकर फ्रैंचाइजी के बीच अलग-अलग राय है. कुछ टीमों का नना है कि रिटेंशन की संख्या 8 होनी चाहिए, क्योंकि इससे फ्रैंचाइजी को अपने अहम खिलाड़ियों के साथ टीम बनाने में मदद मिलेगी. वहीं कुछ का कहना है कि रिटेंशन की संख्या कम होनी चाहिए. इतना ही नहीं मेगा-नीलामी में राइट टू मैच (RTM) विकल्प को शामिल करने पर भी चर्चा हो रही है.