IPL 2024: मुंबई इंडियंस की टीम में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है. हार्दिक के लौटने से टीम के कुछ सीनियर खिलाड़ी नाराज बताए जा रहे हैं. भेले ही फ्रेंचाइजी ये दिखाने की कोशिश करे की टीम में सब ठीक है, लेकिन तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का अभी तक कैंप ज्वॉइन न करना बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है. मुंबई इंडियंस को आईपीएल 2024 में अपना पहला मैच 24 मार्च को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलना है.
दोनों टीमें अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में आमने-सामने होगी. नए कप्तान हार्दिक पांड्या टीम के साथ नेट्स में प्रैक्टिस कर रहे हैं, लेकिन टीम के मेन गेंदबाज बुमराह समेत कई खिलाड़ी कैंप ज्वॉइन नहीं किया है. इसके बाद से कयास लगने लगे हैं कि क्या टीम के खिलाड़ियों के बीच मनमुटाव है. सोशल मीडिया पर कई फैंस का मानना है कि हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाने के बाद कई खिलाड़ी खुश नहीं हैं.
जसप्रीत बुमराह टीम के मेन गेंदबाज हैं. हाल ही में वो इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की सीरीज का हिस्सा थे. उन्होंने पूरी सीरीज में धारदार गेंदबजी की. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि बुमराह 22 मार्च को अहमदाबाद में टीम के साथ जुड़ेंगे. कहा ये भी जा रहा है कि पांच टेस्ट मैच खेलने के बाद वह थोड़ा रेस्ट चाहते थे, इसलिए अभी प्रैक्टिस से दूर हैं.
वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में मिली हार के बाद मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को लेकर बड़ा फैसला किया. फ्रेंचाइजी ने रोहित को कप्तानी से हटाकर हार्दिक पांड्या को नया कप्तान बना दिया. इस फैसले ने सभी फैंस को चौंका दिया. हार्दिक दो साल पहले ही मुंबई को छोड़कर गुजरात गए थे. रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 5 बार आईपीएल टाइटल जीता है. लेकिन उनकी जगह हार्दिक पांड्या को टीम का कप्तान बनाने पर काफी सवाल उठे.