India vs England, 1st T20I: भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी-20 बुधवार (22 जनवरी) को खेला जाना है. इस मुकाबले से पहले इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कोच ब्रैंडन मैकुलम ने एक बड़ा खुलासा किया है. उनका कहना है कि बटलर इस सीरीज में एक नई भूमिका के साथ दिखाई देने वाले हैं. बता दें कि दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज खेली जानी है.
इस श्रृंखला के लिए इंग्लिश टीम भारत पहुंच चुकी है और श्रृंखला के आने वाले मैचों के लिए तैयारी कर रही है. हालांकि, इस सीरीज की शुरूआत से पहले मैकुलम ने एक बड़ा खुलासा किया है. दरअसल, उनका कहना है कि बटलर भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज में एक बल्लेबाज के तौर पर खेलते हुए दिखाई देने वाले हैं और वे विकेटकीपिंग करते हुए नजर नहीं आएंगे.
मैकुलम ने प्री-मैच कॉन्फ्रेंस में कहा, "यह हमारे लिए वाकई बहुत सकारात्मक बात है, क्योंकि इससे जोस को गेंदबाज के साथ आखिरी फैसला लेने का मौका मिलता है और वह 22 गज की दूरी से नहीं, बल्कि आखिरी सेकंड में संबंध बनाने का मौका देता है. हमारे पास टीम में विकेटकीपिंग के भी बेहतरीन विकल्प हैं."
इंग्लैंड के हेड कोच ने आगे कहा कि "जाहिर है, हम कुछ महीनों से जानते थे कि यह होने वाला है, इसलिए पिछले कुछ महीनों में जोस से बात करने के लिए काफी समय मिला है. जोस के साथ, हम वास्तव में थोड़े मजबूत आधार से शुरुआत करते हैं. जोस और मैं लंबे समय से दोस्त हैं, हमने अक्सर खेल के कुछ दर्शन साझा किए हैं, और यह दोस्ती हमें इस टीम के साथ चीजों को जल्दी से आगे बढ़ाने में सक्षम होने के लिए वास्तव में अच्छा आधार देती है."
मैकुलम ने अपने बयान से इस बात को स्पष्ट कर दिया है कि भारत के खिलाफ सीरीज में सॉल्ट ही कीपिंग करते हुए नजर आने वाले हैं. तो वहीं बटलर एक बल्लेबाज के रूप में खेलते हुए दिखाई देने वाले हैं और उनके लिए ये एक अहम भूमिका होने वाली है. इससे पहले बटलर ही टीम के लिए इस फॉर्मेट में विकेट के पीछे दिखाई दिए थे.