menu-icon
India Daily

CWG 2026: IND vs PAK हाई-वोल्टेज ड्रामा, जैवलिन थ्रो में 'सुपर क्लैश'; फाइनल की जंग से पहले बड़ा मुकाबला

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम एक बार फिर आमने सामने होंगे. दोनों पहले क्वालिफिकेशन पार कर फाइनल में जगह बनाना चाहेंगे, जहां एक और रोमांचक भारत-पाकिस्तान मुकाबले की उम्मीद है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
CWG 2026: IND vs PAK हाई-वोल्टेज ड्रामा, जैवलिन थ्रो में 'सुपर क्लैश'; फाइनल की जंग से पहले बड़ा मुकाबला
Courtesy: ANI

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में गुरुवार का दिन बहुत ही खास हो सकता है, क्योंकि इस दिन चिर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाक एक बार फिर से एक इंटरनेशनल मंच पर आमने-सामने होंगे. खेल प्रेमियों की नजरें पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा पर टिकी हैं.

भारत के स्टार खिलाड़ी नीरज चोपड़ा और पाकिस्तान के अरशद नदीम गुरुवार को क्वालिफिकेशन राउंड में उतरेंगे. दोनों खिलाड़ियों का लक्ष्य फाइनल का टिकट हासिल करना होगा. पिछले कुछ सालों में दोनों के बीच हुई टक्कर ने इस मुकाबले को और खास बना दिया है. ऐसे में एक बार फिर दुनिया की निगाहें इन दोनों दिग्गजों के प्रदर्शन पर रहेंगी. 

फाइनल की राह का पहला पड़ाव

क्वालिफिकेशन राउंड में खिलाड़ियों को केवल लंबी दूरी फेंकना ही नहीं, बल्कि अपने ग्रुप में प्रभावशाली प्रदर्शन भी करना होगा. छोटी सी चूक भी फाइनल का सपना तोड़ सकती है. इसलिए नीरज और अरशद दोनों शुरुआत से ही संतुलित और आत्मविश्वास भरा प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे, ताकि 31 जुलाई के फाइनल में जगह पक्की कर सकें.

दो दिग्गजों के बीच कड़ी टक्कर

नीरज चोपड़ा के नाम ओलंपिक, विश्व चैंपियनशिप, एशियाई खेल, कॉमनवेल्थ गेम्स और डायमंड लीग जैसे बड़े खिताब दर्ज हैं. उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 90.23 मीटर है. वहीं दूसरी ओर अगर अरशद नदीम ने पेरिस ओलंपिक 2024 में 92.97 मीटर का थ्रो फेंककर स्वर्ण पदक और ओलंपिक रिकॉर्ड अपने नाम किया था. दोनों खिलाड़ी बड़े मंच पर शानदार प्रदर्शन के लिए पहचाने जाते हैं. ऐसे में दिखना दिलचस्प होगा कि इस मुकाबले में कौन भाजी मारता है. 

हेड टू हेड में किसका पलड़ा भारी

दोनों खिलाड़ियों की पहली भिड़ंत 2016 दक्षिण एशियाई खेलों में हुई थी. तब से अब तक वे 11 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में आमने-सामने आ चुके हैं. इनमें से 10 मुकाबलों में नीरज चोपड़ा ने बाजी मारी है, जबकि अरशद नदीम केवल एक बार आगे रहे. हालांकि वह जीत पेरिस ओलंपिक के फाइनल में आई थी, जिसने इस प्रतिद्वंद्विता को और खास बना दिया. इन आंकड़ों के आधार पर साफ तौर पर नीरज चोपड़ा का पलड़ा भारी दिख रहा रहा है.

अब नजरें क्वालिफिकेशन और फाइनल पर

टोक्यो में हुई 2025 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप दोनों खिलाड़ियों के लिए उम्मीद के मुताबिक नहीं रही थी. अब कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 उन्हें वापसी का शानदार मौका दे रहा है. अगर दोनों खिलाड़ी क्वालिफिकेशन पार करने में सफल रहते हैं तो 31 जुलाई की रात एक और रोमांचक भारत पाकिस्तान मुकाबला देखने को मिल सकता है, जिसका इंतजार खेल प्रेमी बेसब्री से कर रहे हैं.