menu-icon
India Daily

IND VS AFG: भारत ने अफगानिस्तान को चटाई धूल, सीरीज पर किया कब्जा

दिल्ली में भारत ने अफगानिस्तान को दूसरे टी20 में 7 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज अपने नाम कर ली.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
IND VS AFG: भारत ने अफगानिस्तान को चटाई धूल, सीरीज पर किया कब्जा
Courtesy: X

अरुण जेटली स्टेडियम में मंगलवार को भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरा टी20 मुकाबला खेला गया. अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 159 रन बनाए. जवाब में भारतीय टीम ने 160 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया. इस जीत के साथ भारत ने सीरीज पर कब्जा जमा लिया.

संजू सैमसन के तूफानी अर्धशतक से भारत की जीत

160 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने तेज शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 88 रन जोड़े. राशिद खान ने अभिषेक को आउट किया. उन्होंने 19 गेंदों पर दो चौकों और चार छक्कों की मदद से 39 रन बनाए. इसके बाद संजू ने सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर भारत की जीत लगभग तय कर दी. अर्धशतक के बाद वह भी आउट हो गए. फिर ईशान किशन ने 38 रन और तिलक वर्मा ने 15 रन बनाकर नाबाद रहते हुए भारत को 7 विकेट से जीत दिला दी.

बुमराह के मेडन ओवर से अफगानिस्तान पर दबाव

इससे पहले अफगानिस्तान की पारी भारतीय गेंदबाजों के सामने लड़खड़ा गई. जसप्रीत बुमराह ने मैच के पहले ही ओवर में मेडन डालकर दबाव बना दिया. दूसरे छोर से अर्शदीप सिंह ने भी इसका फायदा उठाया. रहमानुल्लाह गुरबाज जल्दबाजी में शॉट खेलकर आउट हुए और रवि बिश्नोई ने उनका कैच पकड़ा. इसके बाद इब्राहिम जादरान ने 37 और सेदिकुल्लाह अटल ने 12 रन बनाकर 51 रन की साझेदारी की. बिश्नोई ने अटल को आउट किया और फिर जादरान भी पवेलियन लौट गए.

भारतीय गेंदबाजों ने नहीं दिया वापसी का मौका

तीसरा विकेट गिरने के बाद अफगानिस्तान की पारी संभल नहीं सकी. नीतीश कुमार रेड्डी ने गुलबदिन नईब को 10 रन पर आउट किया, जबकि अक्षर पटेल ने अजमातुल्लाह ओमरजई को 11 रन पर चलता किया. आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे दर्विश रसूली भी 26 रन बनाकर अर्शदीप सिंह का शिकार हुए. 100 रन तक पहुंचने से पहले अफगानिस्तान के पांच विकेट गिर चुके थे. लगातार विकेट गिरने के कारण टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी और 8 विकेट पर 159 रन तक ही पहुंच पाई.