दुबई में भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच खेले गए मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला. पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 55 रन पर ढेर हो गया. भारत ने केवल 8.4 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर मैच को 7 विकेट से जीता. इस करारी हार के बाद पाकिस्तान महिला टीम के मुख्य कोच वहाब रियाज का एक बयान चर्चा में आ गया है. उन्होंने खराब प्रदर्शन के बावजूद पाकिस्तान को एशिया कप जीतने की सबसे मजबूत दावेदार टीम बताया है. पाकिस्तान टीम की प्रदर्शन देख कोच का यह बयान समझ से परे है.
Pakistan women's team mentor Wahab Riaz said, "I believe Pakistan are the best side in the Asia Cup to lift the trophy." pic.twitter.com/5AEcWP7h58
— Sheri. (@CallMeSheri1_) September 5, 2026
पाकिस्तान ने शुरुआत में बिना विकेट गंवाए 27 रन बना लिए थे और टीम अच्छी स्थिति में नजर आ रही थी. इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. पाकिस्तान की पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और महज 18.1 ओवर में 55 रन बनाकर ताश के पत्तों की तरह ढ़ेर हो गई. यह महिला टी20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान का अब तक का सबसे कम स्कोर रहा. भारतीय गेंदबाजों ने बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया.
भारत की ओर से श्री चरणी सबसे सफल गेंदबाज रहीं. उन्होंने पाकिस्तान के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. उनके अलावा दीप्ति शर्मा और प्रेमा रावत ने दो-दो विकेट हासिल किए. पाकिस्तान की पारी 27 रन से आगे बढ़ने के बाद लगातार लड़खड़ाती चली गई. भारतीय स्पिनरों के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नजर नहीं आया और देखते ही देखते पूरी टीम बेहद छोटे स्कोर पर सिमट गई.
56 रन के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया. हालांकि उसे तीन विकेट गंवाने पड़े, लेकिन लक्ष्य इतना छोटा था कि टीम पर कोई दबाव नहीं बना. भारत ने सिर्फ 8.4 ओवर में 57 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने ग्रुप में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है.
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में वहाब रियाज ने पाकिस्तान को लेकर बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि उन्हें अब भी लगता है कि एशिया कप की ट्रॉफी जीतने के लिए पाकिस्तान सबसे बेहतर टीम है. रियाज के मुताबिक टूर्नामेंट के मौजूदा हालात उनकी टीम के खेल के अनुकूल हैं. उन्होंने खिलाड़ियों पर भरोसा जताया और उम्मीद की कि आने वाले मुकाबलों में टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी.