विमेंस टी20 एशिया कप 2026 का खिताबी मुकाबला 13 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. इस फाइनल से पहले ट्रॉफी को लेकर एक नया सवाल खड़ा हो गया है. रिपोर्ट के मुताबिक एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष मोहसिन नकवी फाइनल के मुख्य अतिथि होंगे और विजेता टीम को ट्रॉफी भी उन्हीं के हाथों दी जाएगी. अगर भारतीय महिला टीम फाइनल में पहुंचकर खिताब जीतती है, मामला दिलचस्प हो जाएगा, क्योंकि तब पिछले साल पुरुष एशिया कप में हुआ घटनाक्रम फिर चर्चा में आ सकता है.
पाकिस्तानी मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, 13 सितंबर को दुबई में होने वाले फाइनल के बाद मोहसिन नकवी पुरस्कार समारोह में मौजूद रहेंगे. ACC अध्यक्ष होने के साथ वह PCB के चेयरमैन भी हैं. रिपोर्ट के मुताबिक विजेता टीम को ट्रॉफी उनके हाथों सौंपी जाएगी. हालांकि भारतीय महिला टीम के फाइनल में पहुंचने या इस मामले पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पिछले साल पुरुष टी20 एशिया कप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था. इसके बाद भारतीय टीम ने नकवी से ट्रॉफी और मेडल लेने से इनकार कर दिया था.
हालांकि खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत पुरस्कार स्वीकार किए थे. कुलदीप यादव, शिवम दुबे और तिलक वर्मा को उनके प्रदर्शन के लिए सम्मान मिला था, जबकि पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने उपविजेता की पुरस्कार राशि ली थी.
अवॉर्ड सेरेमनी के बाद मोहसिन नकवी ट्रॉफी अपने साथ ले गए थे. इसके बाद ट्रॉफी को लेकर BCCI की ओर से प्रयास किए जाने की खबरें सामने आई थीं. फिलहाल यह ट्रॉफी एशियन क्रिकेट काउंसिल के मुख्यालय में रखी होने की बात कही गई है. पिछले साल की इस घटना के कारण महिला एशिया कप के फाइनल में ट्रॉफी वितरण को लेकर भी क्रिकेट जगत की नजरें रहेंगी.
भारतीय महिला टीम को अभी फाइनल में अपनी जगह पक्की करनी है. अगर वह खिताबी मुकाबले तक पहुंचती है और चैंपियन बनती है, तो पुरस्कार समारोह इस पूरे टूर्नामेंट का खास आकर्षण का केंद्र होगा. सबसे बड़ा सवाल यही रहेगा कि भारतीय खिलाड़ी ट्रॉफी किस तरह हासिल करते हैं. फिलहाल तय कार्यक्रम के अनुसार नकवी विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान करेंगे. ऐसे में फाइनल के बाद का समारोह भी मुकाबले जितनी सुर्खियां बटोर सकता है.