महिला एशिया कप 2026 अब अपने पूरे रोमांच पर है. भारत इस टूर्नामेंट में ट्रॉफी की सबसे प्रबल टीम मानी जा रही है. इसी कड़ी में भारत ने पाकिस्तान को बीती शाम करारी शिकस्त दी. भारत ने अपने प्रतिद्वंद्वी को महज 55 रनों पर ऑलआउट कर दिया.
इसके बाद भारत की बल्लेबाजी के दौरान फातिमा सना का शेफाली वर्मा को दिया गया सेंडऑफ चर्चा में आ गया. शेफाली को 12 रन पर आउट करने के बाद पाकिस्तानी कप्तान ने उनकी ओर इशारा कर पवेलियन जाने का संकेत दिया. पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर विवेक राजदान ने इस अंदाज की आलोचना की. हालांकि, फातिमा ने गेंदबाजी में तीन विकेट लेकर पाकिस्तान को मैच में वापस लाने की कोशिश जरूर की.
शेफाली ने मुकाबले की पहली गेंद पर छक्का लगाकर आक्रामक शुरुआत की. इसके बाद सिंगल लेकर उन्होंने महिला टी20 इंटरनेशनल में अपने 3000 रन पूरे किए. उन्होंने फातिमा की गेंद पर चौका भी लगाया. हालांकि अगली भिड़ंत में पाकिस्तानी कप्तान ने कॉट एंड बोल्ड करते हुए शेफाली को 12 रन पर रोक दिया. विकेट के बाद फातिमा ने बल्लेबाज को पवेलियन की ओर जाने का इशारा किया.
फातिमा के इस सेलिब्रेशन पर विवेक राजदान ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी का जिक्र करते हुए कटाक्ष किया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की पूरी टीम केवल 55 रन बनाकर आउट हुई, फिर भी कप्तान शेफाली को बाहर जाने का इशारा कर रही थीं. राजदान की टिप्पणी के बाद फातिमा का यह जश्न मुकाबले के सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले पलों में शामिल हो गया.
पाकिस्तानी कप्तान ने गेंद से जरूर प्रभाव छोड़ा. शेफाली के अलावा उन्होंने प्रतीका रावल और स्मृति मंधाना को भी अपना शिकार बनाया. भारत का स्कोर एक समय 29 रन पर तीन विकेट हो गया था. लेकिन पाकिस्तान के बाकी गेंदबाज इस दबाव को आगे नहीं बढ़ा सके. हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने पारी संभाली और टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया.
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और शुरुआत में बिना विकेट 27 रन बनाए. इसके बाद भारतीय स्पिनरों ने मैच पलट दिया. श्री चरणी और प्रेमा रावत ने तीन तीन, जबकि दीप्ति शर्मा ने दो विकेट लिए. पाकिस्तान के अंतिम 10 विकेट केवल 28 रन के भीतर गिर गए और टीम 55 पर सिमट गई. भारत ने 8.4 ओवर में 57/3 बनाकर सात विकेट से मुकाबला जीत लिया.