Harmanpreet Record: भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में नया इतिहास रचा है. पाकिस्तान के खिलाफ टॉस के लिए मैदान पर उतरते ही उन्होंने 150 टी20 मैचों में कप्तानी पूरी कर ली. इस आंकड़े तक अब तक कोई पुरुष या महिला खिलाड़ी नहीं पहुंच पाया था.
हरमनप्रीत कौर ने 2012 में पहली बार भारतीय टी20 टीम की कप्तानी संभाली थी. इसके बाद 2026 तक उन्होंने लंबे समय तक टीम की कमान संभालते हुए यह खास मुकाम हासिल किया. 149 मैचों में उनकी कप्तानी में भारत ने 86 मुकाबले जीते हैं. टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड भी हरमनप्रीत के नाम है. कप्तान के रूप में उन्होंने 3,301 रन बनाए हैं और महिला टी20 इंटरनेशनल में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में दूसरे स्थान पर हैं. पाकिस्तान के खिलाफ मैच उनका 150वां कप्तानी मुकाबला बना.
150 मैचों के साथ हरमनप्रीत इस रिकॉर्ड में सबसे आगे निकल गई हैं. श्रीलंका की कप्तान चमारी अथापथु 121 मैचों में कप्तानी के साथ दूसरे नंबर पर हैं. रवांडा की मैरी बिमेनिमाना ने 101 मैचों में अपनी टीम का नेतृत्व किया है. वहीं ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान मेग लैनिंग ने 100 महिला टी20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी की थी. थाईलैंड की नारुमोल चायवाई ने 98 और इंग्लैंड की हीदर नाइट ने 96 मैचों में कमान संभाली. इंग्लैंड की पूर्व कप्तान शार्लोट एडवर्ड्स ने 93. वहीं मलेशिया की विनिफ्रेड दुरईसिंगम ने 86 टी20 मैचों में कप्तानी की है.
A special moment for #TeamIndia Captain Harmanpreet Kaur 🫡
— BCCI Women (@BCCIWomen) September 5, 2026
First-ever to captain a side in 150 T20I matches 🙌#WomensAsiaCup | @ImHarmanpreet pic.twitter.com/a31diDfcoh
पुरुष क्रिकेट में नामीबिया के गेरहार्ड इरास्मस 91 टी20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी के साथ सबसे आगे हैं. वह पुरुष और महिला खिलाड़ियों की संयुक्त सूची में आठवें स्थान पर हैं. रवांडा के क्लिंटन रुबागुम्या ने 90 मैचों में कप्तानी की है. पाकिस्तान के बाबर आजम ने 2019 से 2024 के बीच 85 टी20 इंटरनेशनल मैचों में टीम का नेतृत्व किया और पुरुषों में तीसरे स्थान पर रहे. इस तरह हरमनप्रीत ने पुरुष क्रिकेट के बड़े कप्तानों को भी काफी पीछे छोड़ते हुए 150 मैचों की कप्तानी का ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जो फिलहाल उनके नाम अकेले दर्ज है.