Team India Coaching Staff: 27 जुलाई से भारतीय क्रिकेट टीम का श्रीलंका दौरा शुरू होने जा रहा है. इस दौरे पर टीम को टी20 और वनडे सीरीज खेलना है. नए हेड कोच बने गौतम गंभीर का यह पहला दौरा है. इससे पहले कोचिंग स्टाफ को लेकर एक बड़ा अपडेट आया है. भारतीय क्रिकेट टीम के कोचिंग स्टाफ में पूर्व भारतीय ऑलराउंडर अभिषेक नायर और नीदरलैंड के पूर्व ऑलराउंडर रेयान टेन डोशेट की एंट्री तय हो चुकी है. यह दोनों सहायक कोच के तौर पर टीम से जुड़ सकते हैं.
क्रिकबज ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि अभिषेक और डोशेट दोनों श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम को ज्वाइन कर सकते हैं. हालांकि बीसीसीआई की तरफ से इसका ऑफिशियल ऐलान होना बाकी है. रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि टी दिलीप फील्डिंग कोच के रूप में बने रहेंगे. वहीं गेंदबाजी कोच के लिए मोर्न मोर्केल का नाम सबसे आगे है माना जा रहा है. हालांकि वो कब तक टीम से जुड़ेंगे, यह तय नहीं हुआ है.
Team India's likely Coaching staff: (Cricbuzz)
Coach - Gautam Gambhir.
Assistant Coach - Abhishek Nayar.
Assistant Coach - Ryan ten Doeschate.
Fielding Coach - T Dilip.
Bowling Coach - Morne Morkel. pic.twitter.com/LRjeghXjDP— Tanuj Singh (@ImTanujSingh) July 20, 2024Also Read
गंभीर के साथ काम कर चुके हैं तीनों क्रिकेटर
अभिषेक नायर और टेन डोशेट के पास लंबा अनुभव है. इन दोनों ने पिछले सीजन में इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइट राइडर्स में अपने कार्यकाल के दौरान गंभीर के साथ काम किया था. वहीं गेंदबाजी कोच के लिए मजबूत दावेदार मोर्ने मोर्कल भी 2 साल तक लखनऊ सुपर जायंट्स में गंभीर के साथ काम कर चुके हैं. यह तीनों पूर्व क्रिकेटर गंभीर के खास माने जाते हैं.
कौन कब तक टीम इंडिया से जुड़ेगा?
टी दिलीप और अभिषेक नायर तुरंत टीम में शामिल हो जाएंगे, जबकि टेन डोशेट की भागीदारी का समय अनिश्चित है, क्योंकि वो मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) में एलए नाइट राइडर्स के कोचिंग स्टाफ के हिस्से के रूप में संयुक्त राज्य अमेरिका में हैं और कोलंबो में सीधे भारतीय टीम में शामिल हो सकते हैं.
मोर्केल ने दिलचस्पी दिखाई, बीसीसीआई को आखिरी फैसला लेना है
गेंदबाजी कोच के रूप में मोर्केल की संभावित भूमिका के बारे में बीसीसीआई के साथ चर्चा हुई है, लेकिन उनकी समय सीमा भी स्पष्ट नहीं है. मोर्केल का दक्षिण अफ्रीका में एक छोटा परिवार है. इसलिए उन्होंने इस भूमिका के लिए निर्णय लेने में समय लिया. रिपोर्टों के अनुसार, दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज ने इस पद के लिए रुचि दिखाई है, और गेंद अब बीसीसीआई के पाले में है.
कब रवाना होगी टीम इंडिया?
बताया जा रहा है कि भारतीय टीम सोमवार को दोपहर 1 बजे चार्टर फ्लाइट से मुंबई से कोलंबो के लिए रवाना होगी. उम्मीद है कि बीसीसीआई उनके रवाना होने से पहले औपचारिक रूप से गंभीर को नए मुख्य कोच के रूप में पेश करेगा. मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि 22 जुलाई को मुंबई के अंधेरी स्थित एक फाइव स्टार होटल में मीडिया कॉन्फ्रेंस की योजना बनाई गई है, जिसमें नए टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव भी मौजूद रहेंगे.