IND vs SL 1st T20I: भारत और श्रीलंका के बीच टी20 सीरीज का आगाज हो चुका है. पहले ही मैच में टीम इंडिया ने 43 रनों के बड़े अंतर से जीत दर्ज करते हुए सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल की है. इस मुकाबले में पहले भारतीय बल्लेबाजों ने कमाल किया फिर गेंदबाजों ने जलवा दिखाया. रोहित शर्मा और विराट कोहली के बिना खेलने उतरी टीम इंडिया के लिए यशस्वी जायसवाल ने तेज शुरुआत दिलाई. उन्होंने 21 गेंदों पर 5 चौके और 2 छक्कों के दम पर 40 रन ठोके. मैच के बाद पूर्व भारतीय गेंदबाज आशीष नेहरा ने इस युवा बल्लेबाज के मजे ले लिए.
दरअसल, इस मुकाबले में के दौरान आशीष नेहरा कमेंट्री कर रहे थे. मैच को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजय जडेजा और उनके बीच बातचीत हो रही थी. तभी यशस्वी जायसवाल मैदान से ही वीडियो कॉल के जरिए जुड़े. अजय जडेजा ने पूछा कि क्या फर्क दिखता है जब मैदान पर रोहित शर्मा और विराट कोहली होते हैं?
इस सवाल का जायसवाल जवाब दे पाते इससे पहले ही, इसी सवाल को कोट करते हुए नेहरा ने जायसवाल से कहा...जैसा कि जडेजा ने पूछा कि क्या फर्क पड़ता है कि जब मैदान पर रोहित-विराट होते हैं...तो मुझे लगता जितने भी मैने आपके स्ट्रोक देखे हैं, यह आपको नेट्स में खेलने पड़े, अगर रोहित-विराट होते, क्योंकि भाई दो ही लोग खेल सकते हैं. यह कहते हुए नेहरा हंसते हैं और जायसवाल की भी हंसी छूट जाती है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. बता दें कि रोहित शर्मा के टी20 संन्यास के ऐलान के बाद जायसवाल को बतौर ओपनर टी20 में जगह मिली है.
मैच का हाल
अगर मैच की बात करें तो पल्लेकेले में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 213 रन का स्कोर खड़ा किया था. टीम इंडिया ने टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा 35वीं बार 200 से ज्यादा का स्कोर बनाया. ऑस्ट्रेलियाई टीम 23 बार ऐसा कर चुकी है. जवाबी पारी में श्रीलंका 19.2 ओवर में 170 रन पर ऑलआउट हो गई. इस तरह भारत ने 43 रनों से मैच जीत लिया.