India vs South Africa: भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए बॉक्सिंग डे टेस्ट के दूसरे दिन शतक जमाया था. इस शतक के बाद उन्हें महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर से मिली तारीफ से वह काफी खुश हैं. गावस्कर ने राहुल की पारी को भारतीय टेस्ट क्रिकेट के इतिहास की शीर्ष 10 पारियों में से एक बताया है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब राहुल से गावस्कर की टिप्पणी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह इतनी बड़ी तारीफ पाकर काफी हम्बल महसूस कर रहे हैं. राहुल ने सेंचुरियन में 137 गेंदों पर 14 चौकों और चार छक्कों की मदद से 101 रन बनाए थे.
राहुल ने कहा, "अगर उन्होंने वह टिप्पणी की है तो मैं पहले तो बहुत विनम्र महसूस कर रहा हूं. यह बहुत बड़ी तारीफ है. मुझे लगता है कि मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते समय आप अपनी पारी की ज्यादा योजना नहीं बना सकते हैं. जब आप वहां जाते हैं तो आपके सामने एक परिस्थिति होती है. खेल आपको बताता है कि आपको क्या करना है और कैसे खेलना है. मैं मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते समय एक खाली दिमाग के साथ जाता हूं और फिर परिस्थिति के अनुसार ही खेलता हूं. आज और कल, मुझे पता था कि मैं निचले क्रम के साथ बल्लेबाजी करने जा रहा हूं, इसलिए मुझे अपने मौके लेने थे और मुझे खुशी है कि यह सफल रहा."
उन्होंने आगे कहा कि उन्हें सेंचुरियन में बल्लेबाजी करने में मजा आया है और वह इस मैदान पर दो शतक लगाने के लिए खुद को भाग्यशाली मानते हैं. राहुल ने 2021 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए बॉक्सिंग डे टेस्ट में भारत को जीत दिलाने के लिए 123 रन बनाए थे.
Centurion at Centurion once again! 🫡#KLRahul, TAKE A BOW!#TeamIndia's new keeper-batter rises to the occasion & brings up a memorable ton under tough circumstances.
— Star Sports (@StarSportsIndia) December 27, 2023
His success mantra - Always #Believe!
Tune in to #SAvIND 1st Test
LIVE NOW | Star Sports Network pic.twitter.com/tYoDZNNJsV
राहुल ने कहा, "मुझे यहां खेलने में काफी मजा आया है. विकेट आपको याद दिलाता रहता है कि आपको कड़ी मेहनत करने की जरूरत है. ऐसे समय होंगे जब आप वास्तव में बहुत तेजी से रन बना सकते हैं, और ऐसे समय होंगे जब आप एक रन भी नहीं बना सकते हैं. मैंने वास्तव में चुनौती का आनंद लिया है. मैं वास्तव में भाग्यशाली हूं कि मैंने यहां दो बार शतक बनाया है."
इस पारी के साथ, राहुल दक्षिण अफ्रीका में कई शतक लगाने वाले सिर्फ तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. वह इस सूची में सचिन तेंदुलकर (5) और विराट कोहली (2) के साथ शामिल हो गए हैं.