menu-icon
India Daily

बाबर आजम ने तोड़ डाला बड़ा रिकॉर्ड, इस मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ा

बाबर आजम ने 138.88 के स्ट्राइक रेट से अपना अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने अपनी पारी में सिर्फ 3 चौके और 1 छक्का लगाया. बाबर आजम ने 32 रन दौड़कर बनाए. नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने उतरे बाबर की शुरुआत थोड़ी धीमी रही.

Anuj
Edited By: Anuj
बाबर आजम ने तोड़ डाला बड़ा रिकॉर्ड, इस मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ा
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले फॉर्म में वापसी कर ली है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए तीसरे और आखिरी T20 इंटरनेशनल मैच में बाबर ने ऐसा कारनामा किया, जिससे उन्होंने भारतीय दिग्गज विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया. इस मुकाबले में बाबर ने नाबाद अर्धशतक लगाकर T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा अर्धशतक बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.

बाबर आजम ने जड़ा अर्धशतक

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे T20I में बाबर आजम ने 36 गेंदों पर नाबाद 50 रन बनाए. इस पारी के साथ उनके T20 इंटरनेशनल करियर में अर्धशतकों की संख्या 39 हो गई. इससे पहले यह रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम था, जिन्होंने T20I में 38 अर्धशतक लगाए थे.

रोहित-कोहली से आगे बाबर आजम

रोहित शर्मा 32 अर्धशतकों के साथ इस सूची में तीसरे नंबर पर हैं. खास बात यह है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों ही 2024 में T20I क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, जबकि बाबर आजम अभी भी सक्रिय हैं और आने वाले समय में इस रिकॉर्ड को और आगे बढ़ा सकते हैं.

138.88 के स्ट्राइक रेट से बनाया अर्धशतक

बाबर आजम ने यह अर्धशतक 138.88 के स्ट्राइक रेट से पूरा किया. उन्होंने अपनी पारी में सिर्फ 3 चौके और 1 छक्का लगाया. बाबर आजम ने 32 रन दौड़कर बनाए. नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने उतरे बाबर की शुरुआत थोड़ी धीमी रही, लेकिन जैसे-जैसे वह क्रीज पर जमे, उन्होंने शानदार टाइमिंग के साथ रन बटोरना शुरू कर दिया.

पाकिस्तान ने 200 का आंकड़ा किया पार

बाबर आजम की इस पारी ने पाकिस्तान को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई. उन्होंने सैम अयूब के साथ तीसरे विकेट के लिए 69 रन की अहम साझेदारी की. इसके अलावा शादाब खान के साथ पांचवें विकेट के लिए नाबाद 57 रन जोड़े. सैम अयूब (56 रन), शादाब खान (46 रन) और ख्वाजा नफे (21 रन) ने भी आक्रामक बल्लेबाजी की. इन सभी पारियों के दम पर पाकिस्तान ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 207 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया.

T20I में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज

 बाबर आजम (पाकिस्तान)- 39
 विराट कोहली (भारत)- 38
 रोहित शर्मा (भारत)- 32
 मोहम्मद रिजवान (पाकिस्तान)- 30
 डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया)- 28