menu-icon
India Daily

IND vs ENG: 125 रन की हार के बाद मुश्किल में भारत, जानें ब्रिस्टल के मैदान पर बल्लेबाजों की होगी ऐश या गेंदबाज उड़ाएंगे गिल्लियां

भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज अब बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है. नॉटिंघम में मिली 125 रन की करारी हार ने टीम इंडिया की पोल खोल दी है. इस हार के बाद अब चौथा मुकाबला भारत के लिए करो या मरो जैसा बन चुका है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
IND vs ENG: 125 रन की हार के बाद मुश्किल में भारत, जानें ब्रिस्टल के मैदान पर बल्लेबाजों की होगी ऐश या गेंदबाज उड़ाएंगे गिल्लियां
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज अब बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है. नॉटिंघम में मिली 125 रन की करारी हार ने टीम इंडिया की पोल खोल दी है. इस हार ने भारतीय टीम के गेम और रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब ब्रिस्टल में होने वाला चौथा मुकाबला भारत के लिए करो या मरो जैसा बन चुका है, जहां जीत ही सीरीज में बने रहने का एकमात्र रास्ता है. यहां से भारतीय टीम को शेष दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज करनी होगी.

अगर ऐसा नहीं होता है तो आयरलैंड के बाद टीम को इस सीरीज से भी हाथ धोना पड़ सकता है. बता दें भारतीय टीम सीरीज में 2-0 से पीछे चल रही है और एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था. तो अब देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम इस मैच को जीतने के लिए किस रणनीतिके साथ मैदान पर उतरती है. लेकिन उससे पहले जानते हैं मैच में ब्रिस्टल की पिच किसका साथ देगी. 

हेड टू हेड

दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 33 टी20 मुकाबले खेले गए हैं. इन 33 मुकाबलों में भारतीय टीम ने 18 मैच में बाजी मारी है और इंग्लिश टीम ने 14 मुकाबले को अपने नाम किया है. इसके अलावा महज एक मैच रद्द रहा है. हालांकि भले  ही आंकड़ों के अनुसार टीम इंडिया इंग्लैंड से आगे है लेकिन इस सीरीज में टीम की हालत कुछ खास नहीं है. 

पिच रिपोर्ट

अब ब्रिस्टल के पिच की बात करें तो यहां कि पर  पारी की शुरुआत में सीम गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है, क्योंकि यहां लगातार गति और उछाल देखने को मिल रही है. शुरुआती उछाल कम होने के बाद बल्लेबाजी आसान हो जाएगी, जिससे खिलाड़ी बीच के ओवरों में खुलकर शॉट खेल सकेंगे. पिच के घिसने के साथ-साथ स्पिनरों का प्रभाव बढ़ सकता है, खासकर मैच के उत्तरार्ध में.

वेदर अपडेट

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार के मैच के लिए मौसम साफ रहेगा और बारिश से खेल में कोई बाधा आने की संभावना नहीं है. मैच शुरू होने के समय तापमान लगभग 35°C रहने की संभावना है, जो शाम ढलने के साथ धीरे-धीरे घटकर लगभग 24°C हो जाएगा.

IND vs ENG संभावित प्लेइंग इलेवन

भारत संभावित प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वरुण चक्रवर्ती।

इंग्लैंड की संभावित प्लेइंग इलेवन: फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, विल जैक्स, सैम कुरेन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, जोश टोंग, आदिल राशिद।