menu-icon
India Daily

सौरव गांगुली को क्रिकेट का सबसे बड़ा सम्मान: ICC 'हॉल ऑफ फेम' में होंगे शामिल, जन्मदिन पर मिला ऐतिहासिक तोहफा

पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को 'ICC हॉल ऑफ फेम' में शामिल किया जाएगा. वे यह महान सम्मान पाने वाले 12वें भारतीय क्रिकेटर होंगे.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
सौरव गांगुली को क्रिकेट का सबसे बड़ा सम्मान: ICC 'हॉल ऑफ फेम' में होंगे शामिल, जन्मदिन पर मिला ऐतिहासिक तोहफा
Courtesy: @Maina_Singhx77

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और 'प्रिंस ऑफ कोलकाता' के नाम से मशहूर सौरव गांगुली के फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है. सौरव गांगुली को क्रिकेट जगत के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक 'आईसीसी हॉल ऑफ फेम' (ICC Hall of Fame) में शामिल किया जा रहा है. खास बात यह है कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि का ऐलान उनके 54वें जन्मदिन के मौके पर हुआ है. आगामी शनिवार, 11 जुलाई को आईसीसी के सालाना सम्मेलन के बाद होने वाले एक खास समारोह में उन्हें आधिकारिक रूप से इस लिस्ट में शामिल किया जाएगा.

गांगुली यह गौरव हासिल करने वाले कुल 12वें भारतीय और भारत के 10वें पुरुष क्रिकेटर बन गए हैं. इस बड़ी घोषणा के बाद गांगुली ने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर करते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) और उसके चेयरमैन जय शाह का धन्यवाद किया. उन्होंने लिखा, "हॉल ऑफ फेम में शामिल करने के लिए आईसीसी और चेयरमैन जय शाह का शुक्रिया. महान दिग्गजों की इस लिस्ट का हिस्सा बनना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है."

 सौरव गांगुली का शानदार करियर और रिकॉर्ड्स

गांगुली ने न सिर्फ अपनी कप्तानी से भारतीय क्रिकेट की तस्वीर बदली, बल्कि एक बल्लेबाज के रूप में भी अमिट छाप छोड़ी. उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 18,575 रन बनाए और 38 शतक जड़े. टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 113 मैचों में 42.17 की औसत से 7,212 रन बनाए, जिसमें 16 शतक शामिल हैं. वहीं वन-डे (ODI) में 'दादा' ने 311 मैचों में 41.02 की औसत से 11,363 रन बटोरे, जिसमें 22 शतक दर्ज हैं.

संन्यास के बाद भी वह क्रिकेट से जुड़े रहे. वे बीसीसीआई (BCCI) के अध्यक्ष रहे और वर्तमान में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल संभाल रहे हैं. साथ ही दक्षिण अफ्रीका की SA20 लीग में प्रिटोरिया कैपिटल्स के हेड कोच हैं. चर्चा है कि अगले सीजन में वे दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच की जिम्मेदारी भी संभाल सकते हैं.