लखनऊ: अफगानिस्तान के खिलाफ पहला मुकाबला जीतने के बाद अब भारतीय टीम सीरीज को 2-0 से अपने नाम करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. जिसके लिए गिल सेना ने कमर कस ली है. बता दें भारत ने पहले मुकाबले में मेहमान टीम को 7 विकेट से मात दी थी. जहां एक शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इस मैच में जीत दर्ज कर सीरीज पर कब्जा करने की कोशिश करेगी तो वहीं दूसरी ओर अफगान टीम इस मैच को जीत कर सीरीज में भी जीवित रहने का प्रयास करेगी.
बता दें दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला लखनऊ के एकाना स्टेडियम में दोपहर के 01:30 खेला जाना है. लेकिन उससे पहले देखना दिलचस्प होगा कि वहां कि पिच किस तरह का व्यवहार करती है. लखनऊ में बल्लेबाजों को लाभ मिलता है या गेंदबाजों का रोज चलेगा. तो मैच शुरु होने से पहले आपको लखनऊ के मौसम, पिच रिपोर्ट और हेड टू हेड के बारे में बताते हैं-
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भारत और अफगानिस्तान के बीच अब कुल 9 वनडे मुकाबले खेले गए हैं जिनमें से भारत ने 8 मैच में बाजी मारी है और एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला था तो ऐसे में अफगान टीम ने भारत के खिलाफ एक भी एक दिवसीय मुकाबले में बाजी नहीं मारी है.
लखनऊ के इकाना स्टेडियम की पिच आम तौर पर धीमी मानी जाती है. काली मिट्टी की पिच होने के कारण यहां पर स्पिनर्स को खासा मदद मिलती है. हालांकि पिच में कुछ बदलाव किए गए हैं ताकि यहां पर बल्लेबाजों को भी मदद मिल सकें. तो उम्मीद जताई जा रही है कि यहां पर बल्लेबाजों को रनों के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है.
धर्मशाला में हुए पहले मैच के विपरीत, लखनऊ के एकाना स्टेडियम में बारिश की संभावना न के बराबर है. दोपहर में लखनऊ का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने की आशंका है, जिससे खिलाड़ियों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. शाम तक तापमान गिरकर लगभग 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.
भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़
अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, अल्लाह गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी, मोहम्मद सलीम सफी/बिलाल सामी