क्रिकेट जगत की निगाहें अब वनडे वर्ल्ड कप 2027 पर टिकने लगी हैं. आईसीसी ने टूर्नामेंट की संभावित तारीखों और आयोजन ढांचे पर सहमति बना ली है. अफ्रीका की धरती पर होने वाला यह विश्व कप कई मायनों में खास माना जा रहा है.
वनडे वर्ल्ड कप 2027 को 4 अक्टूबर से 21 नवंबर के बीच आयोजित करने की तैयारी है. अधिकांश मुकाबले दक्षिण अफ्रीका के आठ प्रमुख स्टेडियमों में खेले जाने की संभावना है. वहीं जिम्बाब्वे में आठ से दस मैच और नामीबिया में तीन मुकाबले आयोजित किए जाएंगे. जिम्बाब्वे के हरारे और बुलावायो के साथ विक्टोरिया फॉल्स को भी मेजबान शहरों में शामिल किया गया है. यहां बन रहा नया अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम इस वर्ष के अंत तक तैयार होने की उम्मीद है. वर्ष 2003 के बाद यह पहला अवसर होगा जब पुरुष वनडे विश्व कप अफ्रीका में आयोजित किया जाएगा.
आईसीसी ने इस बार टूर्नामेंट को फिर से 14 टीमों के प्रारूप में आयोजित करने का निर्णय लिया है. टीमों को सात-सात के दो समूहों में बांटा जाएगा. प्रत्येक समूह से शीर्ष तीन टीमें सुपर सिक्स चरण में पहुंचेंगी, जहां से नॉकआउट दौर का रास्ता तय होगा. दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे मेजबान होने के कारण सीधे टूर्नामेंट में प्रवेश करेंगे. वहीं नामीबिया को क्वालिफिकेशन प्रक्रिया से गुजरना होगा.
यह टूर्नामेंट 2027-2031 के नए फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम (FTP) का पहला बड़ा आईसीसी आयोजन होगा. इसी दौरान विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के ढांचे में संभावित बदलावों पर भी चर्चा जारी है. आईसीसी इस बात पर विचार कर रहा है कि सभी 12 पूर्ण सदस्य देशों को टेस्ट चैंपियनशिप में शामिल किया जाए या नहीं. इसके अलावा एक-एक टेस्ट मैच के प्रारूप पर भी चर्चा हो रही है. जुलाई में होने वाली आईसीसी वार्षिक बैठक में इन मुद्दों पर महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं.