फीफा वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड ने अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की. डलास में खेले गए ग्रुप एल मुकाबले में टीम ने क्रोएशिया को 4-2 से हराया. पहले हाफ में संघर्ष करने के बाद इंग्लैंड ने दूसरे हाफ में शानदार वापसी की और मैच पर पूरा नियंत्रण बना लिया.
पहले हाफ में इंग्लैंड की टीम लय में नहीं दिख रही थी। हैरी केन के दो गोल के बावजूद क्रोएशिया ने बराबरी कर ली और इंग्लैंड की रक्षा पंक्ति दबाव में नजर आई. हाफटाइम के दौरान मैनेजर थॉमस ट्यूशेल ने खिलाड़ियों को तेज खेल और आक्रामक दबाव बनाने का संदेश दिया. दूसरे हाफ की शुरुआत होते ही इसका असर दिखा. इंग्लैंड ने तेजी से गेंद आगे बढ़ाई और क्रोएशिया को अपने ही हिस्से में रोक दिया. इसी दबाव के बीच जूड बेलिंगम ने गोल कर इंग्लैंड को फिर बढ़त दिलाई.
इंग्लैंड की शुरुआत कप्तान हैरी केन ने शानदार बनाई. उन्होंने पहले पेनल्टी से गोल किया और बाद में कॉर्नर पर जोरदार हेडर लगाकर दूसरा गोल दागा. इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने इंग्लैंड के लिए वर्ल्ड कप में 10 गोल पूरे किए और गैरी लिनेकर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. हालांकि क्रोएशिया ने भी जवाब दिया. मार्टिन बटुरिना और पेटार मूसा के गोल से स्कोर 2-2 हो गया. पहले हाफ के अंत तक मुकाबला पूरी तरह खुला हुआ था और इंग्लैंड पर दबाव साफ दिख रहा था.
दूसरे हाफ में इंग्लैंड की ऊर्जा पूरी तरह बदल चुकी थी. बेलिंगम के गोल के बाद टीम को आत्मविश्वास मिला और क्रोएशिया की पकड़ कमजोर पड़ने लगी. ट्यूशेल ने मार्कस रैशफोर्ड को मैदान पर उतारा और यह फैसला भी सफल रहा. मैच खत्म होने से पांच मिनट पहले रैशफोर्ड ने तेज काउंटर अटैक के बाद गोल कर जीत लगभग पक्की कर दी. इंग्लैंड ने अंत में 4-2 से मुकाबला जीतकर तीन अहम अंक हासिल किए.