IPL 2026 के बाद अब भारत बनाम अफगानिस्तान सीरीज की तैयारियां तेज हो गई हैं. अफगानिस्तान इस महीने भारत के खिलाफ एक टेस्ट मैच और तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारत का दौरा करेगा. दोनों टीमों के बीच होने वाले वनडे सीरीज से पहले ही टीम के दो सीनियर खिलाड़ी ऐसे हैं जोकि लगातार चर्चा में हैं.
दरअसल टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की फिटनेस अभी भी बीसीसीआई का सिर दर्द बनी हुई है. जिस कारण अब बोर्ड ने साफ कर दिया है कि इन दिग्गजों को को अंतिम ग्यारह में तभी जगह मिलेगी जब वह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) से फिटनेस क्लियरेंस हासिल करेंगे.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पंड्या आईपीएल 2026 के दौरान मुंबई इंडियंस की कप्तानी करते हुए पीठ की समस्या से जूझते नजर आए थे. इतना ही नहीं बैक स्पाज्म की वजह से वह कुछ मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले सके थे. ऐसे में बोर्ड कोई जोखिम लेने के मूड में नहीं है.
रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि हार्दिक 2 जून को बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचे, जहां उन्हें एक सप्ताह गुजारना होगा. इस दौरान उन्हें विभिन्न फिटनेस ड्रिल, फिजिकल असेसमेंट और मेडिकल परीक्षणों से गुजरना होगा. इन सभी मानकों पर सफल रहने के बाद ही उन्हें ‘रिटर्न टू प्ले’ (RTP) की मंजूरी मिलेगी.
केवल हार्दिक पांड्या ही नहीं बल्कि हिटमैन शर्मा को भी इस क्लीयरेंस रिपोर्ट के लिए कहा गया है. टीम में की घोषणा के साथ ही BCCI ने रोहित के आगे भी फिटनेस की शर्त रखी थी. बता दें IPL के दौरान हैमस्ट्रिंग से परेशान थे, इस कारण वह कुछ मैच में भी उपलब्ध नहीं थे.
इसके अलावा रोहित जिस मैच में खेले भी थे उसमें भी वह इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर आए, जिस कारण BCCI को उनकी फिटनेस को लेकर चिंता है कि वह पूरे 50 ओवर खेल पाएंगे या नहीं.
हालांकि मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने हाल ही में दावा किया था कि रोहित पूरी तरह फिट हैं. उनके अनुसार रोहित को पर्याप्त आराम और रिकवरी का समय मिला था तथा मेडिकल टीम ने उन्हें खेलने के लिए तैयार माना है.
भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला वनडे 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा. जबकि दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ और तीसरा मैच 20 जून को चेन्नई में आयोजित होगा. अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजर फिटनेस रिपोर्ट पर टिकी हुई है, क्योंकि हार्दिक और रोहित की मौजूदगी भारतीय टीम को और अधिक मजबूत बना सकती है.