श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम का प्रैक्टिस मैच कई वजहों से चर्चा में आ गया है. कोलंबो के एनसीसी ग्राउंड पर तीन दिवसीय मैच के दूसरे दिन भारतीय बल्लेबाजों ने जमकर रन बनाए. देवदत्त पडिक्कल ने नाबाद शतक लगाया, जबकि रविंद्र जडेजा ने भी अर्धशतक जड़ा. हालांकि दिन का सबसे रोमांचक पल तब आया, जब तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने स्पिनर दिलुम सुदीरा के एक ओवर में चार छक्के उड़ाकर सभी को चौंका दिया.
दिन के आखिरी ओवर में पडिक्कल ने एक रन लेकर बरार को स्ट्राइक दी. इसके बाद बरार ने लगातार आक्रामक शॉट खेले. उन्होंने दूसरी गेंद पर डीप मिडविकेट के ऊपर से छक्का लगाया और अगली गेंद को सीधे सीमा के पार पहुंचाया. चौथी गेंद पर कोई रन नहीं बना, लेकिन पांचवीं गेंद फिर छक्के के लिए गई. आखिरी गेंद भी उन्होंने डीप एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से छह रन के लिए भेज दी.
बरार मुख्य रूप से तेज गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन उनके इस आक्रामक अंदाज ने भारतीय डगआउट में उत्साह भर दिया. मुख्य कोच गौतम गंभीर भी उनकी बल्लेबाजी देखकर प्रभावित नजर आए और तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ाया. हमेशा धीर-गंभीर रहने वाले मुख्य कोच बरार के इस कारनामे के बाद बेहद खुश नजर आए. इसके बाद उनका रिएक्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बरार ने केवल 18 गेंदों में नाबाद 36 रन बनाए, जिसमें चार छक्के और दो चौके शामिल रहे. उनके ओवर से भारत के खाते में कुल 25 रन जुड़े.
2nd day last over
4 six by GURNOOR BRAR in An Over
Dream For Zimbu & Bhikari fans😝 #INDvsSL #CricketIndia #TestCricket #GurnootBrar #TeamIndia pic.twitter.com/DPm0wsJlcN— Kaushy (@kaushyy14) August 8, 2026Also Read
भारतीय बल्लेबाजी में सबसे बड़ी पारी देवदत्त पडिक्कल के बल्ले से निकली. उन्होंने 142 रन बनाकर अपनी पारी को नाबाद रखा. साई सुदर्शन के चोट के कारण टेस्ट सीरीज से बाहर होने के बाद तीसरे नंबर की जगह खाली है. ऐसे में पडिक्कल की यह पारी उनके लिए बेहद अहम मानी जा रही है. अभ्यास मैच के प्रदर्शन से उन्होंने पहले टेस्ट की अंतिम एकादश के लिए अपना दावा मजबूत किया है.
भारत ने दूसरे दिन 90 ओवर में छह विकेट पर 357 रन बनाए. रविंद्र जडेजा 63 रन बनाने के बाद रिटायर्ड हर्ट हुए. मानव सुथार ने 41 और केएल राहुल ने 40 रन की उपयोगी पारियां खेलीं. इन बल्लेबाजों ने पिच पर समय बिताकर टीम के स्कोर को मजबूत करने में मदद की. दिन का अंत बरार की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के साथ हुआ, जिसने भारतीय खेमे में उत्साह बढ़ा दिया.