भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज से पहले वॉर्म-अप मुकाबले में देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी की. उन्होंने 164 गेंदों पर नाबाद 142 रन बनाकर टीम मैनेजमेंट के सामने अपनी दावेदारी रख दी. भारत ने दूसरे दिन 8 विकेट पर 357 रन बनाए और श्रीलंका XI से छह रन पीछे रहा.
साई सुदर्शन के चोट के कारण सीरीज़ से बाहर होने के बाद नंबर 3 की जगह को लेकर सवाल था. पडिक्कल ने इसका जवाब बल्ले से दिया. यशस्वी जायसवाल के जल्दी आउट होने के बाद क्रीज पर आए इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने पारी को संभाला और 18 चौकों की मदद से नाबाद 142 रन बनाए. उन्होंने रवींद्र जडेजा के साथ 96 रन जोड़े और लंबे समय तक टिककर बल्लेबाजी की. ऑफ साइड पर उनके शॉट खास तौर पर अच्छे रहे. यह पारी इसलिए भी अहम है क्योंकि टेस्ट सीरीज से पहले टीम के पास नंबर 3 के लिए अब एक मजबूत विकल्प मौजूद है.
भारत की शुरुआत खराब रही. जायसवाल सिर्फ दो गेंद खेलकर आउट हुए. वहीं केएल राहुल ने अर्धशतक लगाकर पारी को संभाला लेकिन बड़ा स्कोर बनाने से पहले बोल्ड हो गए. रवींद्र जडेजा ने चौथे नंबर पर आकर 117 गेंदों में 63 रन बनाए और रिटायर हुए. ध्रुव जुरेल सिर्फ एक रन बना सके, वहीं मानव सुथार ने 45 रन की उपयोगी पारी खेली. आखिरी में गुरनूर बरार ने सिर्फ 18 गेंदों पर नाबाद 36 रन ठोक दिए. उनकी पारी में दो चौके और चार छक्के शामिल रहे. उनकी तेज बल्लेबाजी से भारत ने आखिरी 10 ओवर में बिना विकेट गंवाए 77 रन जोड़ दिए.
शुभमन गिल उंगली की चोट के कारण दूसरे दिन भी मैदान पर नहीं उतरे. प्रैक्टिस के दौरान उनकी दाहिनी हाथ की अनामिका उंगली में चोट लगी थी. उनकी गैरमौजूदगी में केएल राहुल ने कप्तानी संभाली. टेस्ट सीरीज़ शुरू होने से पहले गिल की फिटनेस भारत के लिए अहम रहेगी. वहीं पडिक्कल की 142 रन की पारी ने नंबर 3 की चर्चा को और दिलचस्प बना दिया है. वॉर्म-अप मैच का एक दिन अभी बाकी है लेकिन भारत के कई खिलाड़ियों ने चयन के लिए अपनी दावेदारी दिखा दी है.