भारतीय क्रिकेटर रमनदीप सिंह ने क्रिकेट के बाद अब अपनी निजी जिंदगी में नई शुरुआत की है. भारत और आईपीएल में खेल चुके रमनदीप ने टीवी एक्ट्रेस चार्ली चौहान के साथ शादी की है. दोनों ने लंबे समय तक अपने रिश्ते को निजी रखा था. शादी की तस्वीरें सामने आने के बाद फैंस हैरान रह गए.
रमनदीप सिंह और चार्ली चौहान ने परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में गुरुद्वारे में शादी की. दोनों ने पंजाबी-सिख रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह की रस्में पूरी कीं. शादी के दौरान चार्ली लाल और सुनहरे रंग के लहंगे में नजर आईं. उन्होंने पारंपरिक गहनों के साथ मांग टीका, चूड़ा और कलीरे भी पहने थे. दूसरी तरफ रमनदीप शेरवानी और लाल पगड़ी में दिखाई दिए. दोनों का वेडिंग लुक काफी पारंपरिक था और शादी की तस्वीरों में कपल बेहद खुश नजर आया. खास बात यह है कि रमनदीप और चार्ली ने अपने रिश्ते को लंबे समय तक सार्वजनिक नहीं होने दिया. दोनों की डेटिंग को लेकर सोशल मीडिया पर भी ज्यादा चर्चा नहीं हुई. यही वजह रही कि अचानक शादी की तस्वीरें और वीडियो सामने आने पर फैंस के लिए यह खबर किसी सरप्राइज से कम नहीं थी. शादी के बाद सामने आए वीडियो में दोनों डांस करते हुए भी नजर आए. चार्ली की हल्दी सेरेमनी की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर देखने को मिलीं.
Ramandeep Singh got married to his childhood friend. Looking like a made for each other couple. pic.twitter.com/sozP3pqwKo
— MARCUS (@MARCUS907935) August 8, 2026Also Read
रमनदीप सिंह की क्रिकेट यात्रा भी काफी दिलचस्प रही है. उन्होंने नवंबर 2024 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था. खास बात यह रही कि अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय मैच में उन्होंने पहली गेंद पर छक्का लगाकर शुरुआत की. यह पल क्रिकेट फैंस के बीच काफी चर्चा में रहा था. रमनदीप भारत के लिए अब तक दो टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 15 रन बनाए हैं और गेंदबाजी करते हुए एक विकेट भी लिया है. आईपीएल में भी वह लंबे समय से सक्रिय रहे हैं. 29 साल के रमनदीप ने आईपीएल में 39 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उनके नाम 299 रन और 7 विकेट दर्ज हैं. वह कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ भी खेल चुके हैं. ऑलराउंड क्षमता रखने वाले रमनदीप ने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में अपने प्रदर्शन से पहचान बनाई. अब क्रिकेट के मैदान के साथ उनकी निजी जिंदगी भी चर्चा में है.
चार्ली चौहान टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा हैं और उन्होंने अपने करियर की शुरुआत युवाओं के बीच लोकप्रिय शो से की थी. उन्हें सबसे पहले एमटीवी रोडीज के सातवें सीजन से पहचान मिली. इसके बाद वह कई टीवी और यूथ शोज में नजर आईं. हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता 'कैसी ये यारियां' से मिली. साल 2014 में शुरू हुए इस शो में उन्होंने मुक्ति वर्धन का किरदार निभाया था. इस रोल के बाद चार्ली की पहचान घर-घर तक पहुंची और उन्हें टीवी दर्शकों के बीच काफी पसंद किया गया. वह डांस रियलिटी शो 'नच बलिए 5' में भी नजर आई थीं, जहां उन्होंने कुंवर अमर के साथ हिस्सा लिया था. इसके अलावा चार्ली 'एमटीवी वेब्ड' और 'ये है आशिकी 4' जैसे शोज का हिस्सा भी रह चुकी हैं. उनकी निजी जिंदगी पहले भी चर्चा में रही है और कुंवर अमर के साथ उनका रिश्ता एक समय सुर्खियों में था. अब रमनदीप सिंह के साथ शादी के बाद चार्ली ने जिंदगी का नया अध्याय शुरू किया है.