CPL 2025, Fabian Allen: कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2025 का 9वां मुकाबला 23 अगस्त को सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला गया. इस रोमांचक मैच में एंटीगुआ और बारबुडा फाल्कन्स और गुयाना अमेज़न वारियर्स के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली. लेकिन इस मुकाबले का सबसे बड़ा हाइलाइट रहा फेबियन एलन की शानदार फील्डिंग, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया.
मैच के दौरान गुयाना अमेजन वारियर्स की बल्लेबाजी चल रही थी और 20वां ओवर फेंका जा रहा था. एंटीगुआ की ओर से गेंदबाज शमर स्प्रिंगर ने ओवर की पहली गेंद नो-बॉल फेंकी, जो ऑफ साइड की ओर थी. गुयाना के बल्लेबाज रोमारियो शेफर्ड ने इस गेंद को पूरी ताकत से लॉन्ग ऑफ की दिशा में उड़ाया. गेंद हवा में तेजी से बाउंड्री की ओर जा रही थी और ऐसा लग रहा था कि यह आसानी से छक्का बन जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
लॉन्ग ऑफ पर फील्डिंग कर रहे फेबियन एलन ने गेंद को बाउंड्री पार करने से रोकने के लिए हवा में लंबी छलांग लगाई. उन्होंने सुपरमैन की तरह डाइव करते हुए गेंद को हवा में ही पकड़ा और उसे मैदान के अंदर फेंक दिया. इस शानदार प्रयास से उन्होंने अपनी टीम के लिए 4 रन बचा लिए.
यह नजारा इतना शानदार था कि स्टेडियम में मौजूद दर्शक और सोशल मीडिया पर फैंस उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे. CPL के आधिकारिक एक्स अकाउंट ने भी इस फील्डिंग का वीडियो शेयर किया, जो अब जमकर वायरल हो रहा है.
Fabulous Fabian is at it again! 🤯
— CPL T20 (@CPL) August 23, 2025
Superhuman stuff! 🦸♂️#CPL25 #ABFvGAW #CricketPlayedLouder #BiggestPartyInSport #RepublicBank pic.twitter.com/3zwIDpii9y
फेबियन एलन ने इस मैच में न सिर्फ अपनी फील्डिंग से सबका दिल जीता बल्कि बल्ले से भी योगदान दिया. उन्होंने एंटीगुआ के लिए 20 गेंदों में 22 रन बनाए, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल था. हालांकि, उन्हें इस मैच में गेंदबाजी का मौका नहीं मिला.
मैच में गुयाना अमेजन वारियर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. शाई होप 82 रन और शिमरोन हेटमायर 65* रन की तूफानी पारियों की बदौलत गुयाना ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 211 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में एंटीगुआ की टीम दबाव में बिखर गई और 15.2 ओवर में सिर्फ 128 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. गुयाना ने इस मुकाबले को 83 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया.