ENG vs IND 5th Test, Yashasvi Jaiswal: इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने बेहतरीन बल्लेबाजी की. उन्होंने दिन का खेल खत्म होने तक 100 से अधिक की स्ट्राइक रेट के साथ बैटिंग की और अर्धशतक भी जड़ दिया. इस दौरान उन्होंने 2 छक्के लगाए और इंग्लिश गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया. जायसवाल की इस पारी की बदौलत भारत ने बढ़त हासिल कर ली.
दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक जायसवाल 49 गेंदों पर 51 रन बनाकर नाबाद हैं. उनके बल्ले से इस दौरान 7 चौके और 2 छक्के निकले हैं और ऐसे में उनसे तीसरे दिन भी उम्मीद होगी कि वे बड़ा स्कोर बनाएं. हालांकि, अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने भारत के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर की झलक दिखाई और एक दोरदार छक्का लगाया.
बता दें कि ओवल के मैदान पर पहली पारी में जायसवाल का बल्ला नहीं चला था. हालांकि, दूसरी पारी में उन्होंने इंग्लिश गेंदबाजों के धागे खोल दिए. जायसवाल ने इंग्लैंड के तेज गेंदबाज गस एटकिंसन के खिलाफ धावा बोल दिया और उन्होंने 2 छक्के जड़े. इस दौरान यशस्वी ने एक अपर कट शॉट खेला, जो बाउंड्री के पार चला गया.
जायसवाल के इस छक्के ने तेंदुलकर की याद दिला दी क्योंकि सचिन भी अपने करियर के दौरान अपरकट शॉट खेलते हुए दिखाई देते थे. हालांकि, अब बहुत कम बल्लेबाज ही इस शॉट को खेलते हुए दिखाई देते हैं और ऐसे में जायसवाल ने ऐसा शॉट खेलकर तेंदुलकर की याद दिला दी है. उनका ये वीडियो स्टार स्पोर्ट्स अकाउंट पर साझा किया है.
FIFTY BY JAISWAL AT A STRIKE RATE OVER 100 ON A TOUGH PITCH. 🤯🔥 pic.twitter.com/juFPPhdjtO
— Johns. (@CricCrazyJohns) August 1, 2025
ओवल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 224 रन बनाए थे. इसके जवाब में इंग्लिश टीम ने भी 247 रन बना लिए थे. हालांकि, दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक टीम इंडिया ने 2 विकेट के नुकसान पर 75 रन बना लिए हैं और टीम इंडिया को 52 रनों की बढ़त मिल चुकी है. भारत के लिए जायसवाल 51 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि आकाश दीप 4 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं.